बेन स्टोक्स विवाद के बाद ECB का बड़ा फैसला, कर्फ्यू और शराब को लेकर सख्त नियम लागू

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 12:40 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन से जुड़े नाइटक्लब विवाद के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने खिलाड़ियों के लिए ऑफ-फील्ड अनुशासन को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं। अब घरेलू सीरीज हो या विदेशी दौरा, खिलाड़ियों को हर दिन तय कर्फ्यू का पालन करना होगा। साथ ही शराब के सेवन और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर भी नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं।

स्टोक्स-एटकिंसन विवाद के बाद लिया गया फैसला

द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड की पुरुष टीम के सभी खिलाड़ियों पर अब हर सीरीज और विदेशी दौरे के दौरान रोज आधी रात (12 बजे) का कर्फ्यू लागू रहेगा।

यह फैसला उस घटना के बाद लिया गया, जब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन देर रात तक लंदन के एक नाइटक्लब में मौजूद रहे थे। इसी दौरान एक रग्बी खिलाड़ी ने एटकिंसन के साथ हाथापाई की, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे टीम के सुरक्षा अधिकारी भी घायल हो गए थे।

इस घटना के बाद टीम प्रबंधन काफी नाराज हुआ था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि एटकिंसन को यह जानकारी नहीं थी कि मैच खत्म होने के बाद भी कर्फ्यू लागू रहता है। बाद में स्टोक्स और एटकिंसन दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था।

क्या हैं ECB के नए नियम?

नए आचार संहिता के तहत खिलाड़ियों को कई सख्त निर्देशों का पालन करना होगा।

हर दिन रात 12 बजे तक टीम होटल लौटना अनिवार्य होगा।
सार्वजनिक जगहों पर नशे की हालत में दिखाई देना स्वीकार्य नहीं होगा।
यदि कोई खिलाड़ी रात 10 बजे के बाद बाहर रुकना चाहता है या अपनी लोकेशन बदलता है, तो उसे पहले टीम मैनेजमेंट या सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी होगी।
घरेलू और विदेशी दोनों दौरों पर यही नियम लागू रहेंगे।
पूरी तरह शराबबंदी नहीं, लेकिन सख्त निगरानी

रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने शुरुआत में खिलाड़ियों पर पूरी तरह शराबबंदी लगाने पर भी विचार किया था। हालांकि बाद में बोर्ड ने पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय कड़े अनुशासनात्मक नियम लागू करने का फैसला किया ताकि खिलाड़ियों के व्यवहार पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सके।

अनुशासन पर ECB का फोकस

हाल के वर्षों में इंग्लैंड टीम के कुछ खिलाड़ियों के ऑफ-फील्ड विवादों ने बोर्ड की चिंता बढ़ाई है। इसी वजह से ECB अब खिलाड़ियों के व्यवहार, समय की पाबंदी और टीम संस्कृति को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। बोर्ड का मानना है कि मैदान के बाहर अनुशासन बनाए रखने से टीम के प्रदर्शन पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News