Emerging Asia Cup के सेमीफाइनल से बाहर हुई इंडिया ए, अफगानिस्तान ने हराया

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 10:34 PM (IST)

खेल डैस्क : अल अमीरात में इंडिया ए टीम को मुंह की खानी पड़ी है। इमर्जिंग एशिया कप के ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबलों में जीत हासिल करने वाली इंडिया ए टीम जब अफगानिस्तान के सामने आई तो उन्हें 20 रन से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। इससे पहले अफगानिस्तान ने पहले खेलते हुए भारतीय गेंदबाजों की खूब पिटाई की। ओपनर्स जुबैद अकबरी और सेदिकुल्लाह अटल ने पहले विकेट के लिए 14.1 ओवर में ही 137 रन ठोक दिए। अकबरी ने 64 तो अटल ने 83 रन बनाए। करीम जन्नत ने भी 20 गेंदों पर 41 रन का योगदान दिया और स्कोर 206 तक पहुंचा दिया। जवाब में भारतीय टीम 7 विकेट खोकर 186 रन ही बना सकी। इंडिया ए की ओर से रमनदीप सिंह ने 64 रन बनाए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।

 

 

अफगानिस्तान ए : 206-4 (20 ओवर)
अफगानिस्तान ने ओपनर्स जुबैद अकबरी और सेदिकुल्लाह अटल की बदौलत मजबूत शुरूआत की। अकबरी और अटल ने अंशुल कंबोज, आकिब खान और रासिख सलाम की शुरूआती ओवरों में ही खूब रन बटोरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 14 ओवर में ही 137 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए थे। अकबरी 41 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आऊट हुए। इसके बाद अटल ने करीम जन्नत के साथ मिलकर स्कोर 181 तक पहुंचाया। यहां अटल 52 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 83 रन बनाकर आऊट हो गए। करीम ने 20 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। कप्तान रसूली जब पहली गेंद पर बोल्ड हो गए तो मोहम्मद इशाक ने 12 रन बनाकर स्कोर 206 तक पहुंचा दिया। भारतीय गेंदबाज रसिख सलाम ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए।

 

 

भारत ए : 186-7 (20 ओवर)
भारतीय की शुरूआत खराब रही। क्योंकि स्टार अभिषेक शर्मा 5 गेंदों पर महज 7 रन बनाकर आऊट हो गए। प्रभसिमरन ने कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन वह भी 5वें ओवर में 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान तिलक वर्मा का 16 रन बनाकर आऊट होना सबसे बड़ा झटका रहा। मध्यक्रम में अयुष बदोनी से काफी उम्मीदें थीं। उन्होंने नेहल वडेहरा के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। अयुष ने 24 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाए तो नेहल ने 14 गेंदों पर 20 रन बनाए। इनके विकेट गिरते ही क्रीज पर रमनदीप सिंह ने एक छोर संभाला और बड़े शॉट लगाए। आखिरी ओवरों में रमनदीप की ही धूम रही। इस दौरान निशांत संधु ने 13 गेंदों पर 23 रन का योगदान दिया। लेकिन 20वें ओवरों में जीत के लिए चाहिए 30 रनों तक रमनदीप पहुंच नहीं पाए। रमनदीप ने 64 रनों का योगदान दिया। 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत ए :
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, नेहल वढेरा, रमनदीप सिंह, निशांत सिंधु, अंशुल कंबोज, राहुल चाहर, रसिख दार सलाम, आकिब खान
अफगानिस्तान ए : सेदिकुल्लाह अटल, जुबैद अकबरी, दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), करीम जनत, शाहिदुल्लाह कमाल, शराफुद्दीन अशरफ, अब्दुल रहमान, अल्लाह गजनफर, कैस अहमद, बिलाल सामी


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News