ENG vs IND : इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में जीत के बाद बोले अक्षर पटेल, बताया क्या था प्लान

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 11:02 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में निराशाजनक प्रदर्शन (4-0 से हार) के बाद पहले वनडे में 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सकारात्मक शुरूआत की। अक्षर को उनके 4 विकेट और 57 रन की नाबाद पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अक्षर ने मैच के बाद कहा कि यह हमारे लिए एक बेहतरीन शुरुआत है। अक्षर ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने प्लान का खुलासा करते हुए कहा कि मैंने सोचा कि मुझे अपनी पेस में बदलाव करते हुए स्टंप-टू-स्टंप बॉलिंग करनी है।

अक्षर ने भारत की जीत और अपने ऑल-राउंड प्रदर्शन पर कहा, 'जाहिर है कि जिस तरह से T20 सीरीज गुजरी, मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बेहतरीन शुरुआत है। और आज मैंने जैसा प्रदर्शन किया, उससे मैं बहुत खुश हूं।' पिच से स्पिनरों को मिल रही मदद मिलने पर अक्षर ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैंने एक खास एरिया में बॉलिंग की। मैंने सोचा कि मुझे अपनी पेस में बदलाव करते हुए स्टंप-टू-स्टंप बॉलिंग करनी है। और मैंने बिल्कुल वैसा ही किया जैसा मैं करना चाहता था। और मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे चार विकेट मिले।' 

अक्षर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की रणनीति पर भी बात की। भारतीय ऑलराउंडर ने कहा, 'बैटिंग में मुझे लगता है कि हमें बहुत अच्छी शुरुआत मिली, और फिर हमें बस यह समझना था कि हम गेम में आगे हैं। इसलिए हमें बस स्ट्राइक रोटेट करनी थी और गेम को अच्छे से खत्म करना था।' वॉशिंगटन सुंदर के साथ अपनी पार्टनरशिप पर अक्षर ने कहा, 'जब मैं वहां (क्रीज) गया, तो वॉशिंगटन वहां थे। हम सोच रहे थे कि अभी हमारे कुछ विकेट गिर चुके हैं, इसलिए हमें अभी एक पार्टनरशिप बनानी होगी। और चार-पांच ओवर के बाद हम सोचेंगे कि आगे क्या करना है क्योंकि जिस तरह की शुरुआत हमें मिली थी, मुझे लगता है कि हम गेम में आगे थे। इसलिए हमें बस पार्टनरशिप बनानी थी और गेम को खत्म करना था।' 

गौर हो कि कप्तान शुभमन गिल (80 रिटायर्ड हर्ट) की शानदार पारी, अक्षर पटेल (चार विकेट और नाबाद 57) के बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन (4 विकेट और नाबाद 57 रन) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) के अर्धशतक की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में मंगलवार को 28 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जो रूट (76) और लियाम डॉसन (68) के अर्धशतकों की बदौलत 258 रन बनाए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News