ENG vs IND : वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू T20I मैच में बनाया अनचाहा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 02:24 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I में डेब्यू किया और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा दिया। लेकिन साथ ही सूर्यवंशी ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी बनाया जो शायद ही कोई खिलाड़ी बनाना चाहेगा। सूर्यवंशी अपने T20I डेब्यू पर स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 15 साल के इस खिलाड़ी ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए। दो छक्के लगाने के बाद उन्होंने ऑफ-स्पिनर विल जैक्स के खिलाफ आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्टंप आउट हो गए। 

मैनचेस्टर में शनिवार को खेले गए दूसरे T20I में जैकब बेथेल की शानदार हाफ-सेंचुरी की मदद से इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया। बेथेल ने 46 गेंदों में 76 रनों की दमदार पारी खेली जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत मेजबान टीम ने पांच मैचों की T20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। 

इंग्लैंड की 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत लड़खड़ाती हुई रही क्योंकि भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया जिसके बाद हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने जवाबी हमला किया। अर्शदीप ने पारी की पहली ही गेंद पर फिल साल्ट को शून्य पर आउट किया और फिर जोस बटलर को भी शून्य पर पवेलियन भेज दिया जिससे इंग्लैंड का स्कोर 1/2 हो गया। 

ब्रूक ने सिर्फ 12 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोला जबकि जैकब बेथेल ने टीम को संभालने का काम किया। ब्रूक की आक्रामक पारी तब खत्म हुई जब अक्षर पटेल ने सफल रिव्यू के बाद उन्हें आउट किया, जिससे एक तेज साझेदारी का अंत हुआ। इसके बाद बेथेल ने टॉम बैंटन के साथ मिलकर इंग्लैंड की उम्मीदों को फिर से जगाया। बैंटन ने भी 39 रनों की शानदार पारी खेली। दोनों ने भारत के स्पिनरों के खिलाफ सकारात्मक बल्लेबाजी करते हुए जरूरी रन-रेट को काबू में रखा। 

बीच के ओवरों में अर्शदीप ने वापसी करते हुए बैंटन को आउट किया और वरुण चक्रवर्ती ने विल जैक्स को 9 रन पर पवेलियन भेजा, जिससे भारत ने मैच पर फिर से पकड़ बना ली। हालांकि बेथेल ने रवि बिश्नोई के ओवर में 29 रन बनाए और शानदार अर्धशतक जड़कर मेजबान टीम के लिए मैच को अपने पक्ष में कर लिया। अगले ओवर में हर्षित राणा ने सैम करन को आउट किया, जिसके बाद जोफ्रा आर्चर क्रीज पर आए। इसके बाद बेथेल और आर्चर ने 6 गेंदें बाकी रहते ही इंग्लैंड के लिए मैच जीत लिया। 

इससे पहले शनिवार को मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे T20I मैच में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार पारियों और तिलक वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में 190/7 का स्कोर बनाया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News