ENG vs PAK : बाबर आजम की लॉर्ड्स टेस्ट में वापसी को लेकर बड़ा अपेडट आया सामने

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 05:32 PM (IST)

लंदन : पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम, जो उंगली की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 का पहला मैच नहीं खेल पाए थे, गुरुवार से शुरू होने वाले लॉर्ड्स टेस्ट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। बाबर को लॉर्ड्स में मंगलवार को बल्लेबाजी करते देखा गया और पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच उमर गुल ने कहा है कि कप्तान गुरुवार से शुरू होने वाले इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। 

गुल ने कहा, 'बाबर ने नेट्स में बल्लेबाजी की, तेज गेंदबाजो, स्पिनरों और थ्रोडाउन का सामना किया। हमें उम्मीद है कि वह मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे और आज वह अच्छे दिख रहे थे। उन्होंने नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने पूरे बल्लेबाजी सत्र में हिस्सा लिया।' इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इंग्लैंड में छह पारियों में 65.75 की औसत से तीन अर्धशतक भी लगाए हैं और मेजबान टीम के खिलाफ़ 14 पारियों में 53.83 की औसत से छह अर्धशतक और एक शतक बनाया है। 

गौर हो कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला हेडिंग्ले में खेला गया, जहां मेजबान टीम ने पाकिस्तान को पूरी तरह से एकतरफा मुकाबले में हरा दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 409 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पाकिस्तान दोनों पारियों को मिलाकर भी इंग्लैंड की पहली पारी के 409 रन के स्कोर तक नहीं पहुंच सका। आखिरकार इंग्लैंड ने मुकाबला पारी और 103 रन से अपने नाम कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev