हर क्रिकेटर को कम उम्र से ही गोल्फ खेलना चाहिए : युवराज सिंह

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 06:26 PM (IST)

नई दिल्ली : वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि क्रिकेटरों को अपने मुख्य पेशे के तनाव से निपटने के लिए कम उम्र से ही गोल्फ खेलना शुरू कर देना चाहिए। युवराज रिटायरमेंट के बाद गोल्फ के बड़े शौकीन बन गए हैं। उन्हें दूसरी इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। 

IGPL की 10 फ्रेंचाइजी के अनावरण के मौके पर युवराज ने कहा, 'उन्हें (क्रिकेटरों को) क्रिकेट के साथ-साथ गोल्फ भी खेलना चाहिए। मुझे गोल्फ पहले ही खेलना शुरू कर देना चाहिए था, जिससे मुझे क्रिकेट में भी मदद मिलती। गोल्फ असल में आपको आराम करने और तनाव दूर करने में मदद करता है।' 

IGPL का शेड्यूल अभी तय होना बाकी है। युवराज ने कहा, 'उदाहरण के लिए, सभी विदेशी क्रिकेटर ऑस्ट्रेलियाई, कीवी, इंग्लिश, दक्षिण अफ्रीकी सभी बचपन से ही गोल्फ खेलते आ रहे हैं।' युवराज ने कहा कि गोल्फ को एक 'एलीट' (खास लोगों का) खेल माना जाता है, लेकिन यह एक ऐसा खेल है जो पब्लिक कोर्स के जरिए सभी के लिए उपलब्ध है। उन्होंने कहा, 'हम गोल्फ को एक एलीट खेल के तौर पर देखते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि भारत का हर बच्चा गोल्फ खेले। हम गोल्फ को स्कूलों तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं; मेरा मानना ​​है कि हर बच्चे को हर खेल आजमाना चाहिए।' 

उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि क्रिकेट हमारा सबसे बड़ा खेल है, लेकिन गोल्फ भी एक रोमांचक खेल है, जिसे हर किसी को आजमाना चाहिए। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके एक खिलाड़ी के तौर पर मैं दूसरे खेलों में भी मदद करना चाहता हूं। यह लीग (IGPL) इस खेल को और भी रोमांचक बनाएगी और इस खेल के बारे में चर्चा बढ़ाएगी। ज्यादा बच्चे इस खेल को अपनाएंगे, इसे टीवी पर देखेंगे और इसे खेलने के लिए प्रेरित होंगे। इससे इस खेल में पैसा आएगा, बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी और यह हमारी ज़िम्मेदारी है।' 

इस साल की IGPL में 10 फ्रेंचाइजियां और पूरे साल में 15 इवेंट होंगे जिनमें 5 विदेशी टूर्नामेंट शामिल हैं जो मॉरीशस, कांगो, दक्षिण अफ्रीका और दो मोरक्को में होंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि LIV गोल्फ के साथ इसका करार हुआ है, जो IGPL का रणनीतिक पार्टनर बन गया है। IGPL को प्रोफेशनल टूर के साथ भी जोड़ा गया है। गुरुवार के इवेंट में टेनिस के महान खिलाड़ी लिएंडर पेस भी शामिल हुए जो इस लीग में कोलकाता फ्रेंचाइजी के सह-मालिक हैं और IGPL के CEO उत्तम सिंह मुंडी भी मौजूद थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News