ओलम्पिक में हर मैच महत्वपूर्ण है: पीवी सिंधू

punjabkesari.in Friday, Jul 09, 2021 - 05:33 PM (IST)

नई दिल्ली : रियो ओलम्पिक 2016 में रजत पदक जीतने वाली भारत की पीवी सिंधू का मानना है कि उन्हें टोक्यो ओलम्पिक में अच्छा ड्रा मिला है। दूसरी बार ओलम्पिक में उतरने जा रही सिंधू जानती हैं कि ओलम्पिक में उन्हें मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ेगा और उनकी नजर में हर अंक महत्वपूर्ण होगा। 

सिंधू ने ओलम्पिक ड्रा पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा, ‘ग्रुप चरण में मुझे अच्छा ड्रा मिला है। हांगकांग की लडकियां अच्छा खेलती हैं और उनके साथ मुकाबला अच्छा होगा। हर कोई अपनी टॉप फॉर्म में होगा। मैं अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करती हूं। हर मैच महत्वपूर्ण होगा और मैं मैच दर मैच आगे बढ़ूंगी। यह ओलंपिक्स हैं और यह कतई आसान नहीं होगा, हर अंक महत्वपूर्ण होगा।' 

2019 की विश्व चैंपियन सिंधू और बी साई प्रणीत टोक्यो ओलम्पिक में अपने अभियान की शुरुआत अपने ग्रुप चरण में निचली रैंकिंग के प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ करेंगे। ओलम्पिक बैडमिंटन प्रतियोगिता के ड्रा गुरूवार को घोषित किये गए। हालांकि चिराग शेट्टी और सात्विक सैराज रेन्किरेड्डी की भारतीय जोड़ी को पुरुष युगल ग्रुप चरण में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। 

भारतीय जोड़ी ग्रुप ए में टॉप सीड और विश्व की नंबर एक जोड़ी इंडोनेशिया के केविन संजय सुकमुलजो और मार्क्स फेरनाल्डी गिदोन के साथ रखा गया है। इंडोनेशियाई जोड़ी रेस टू टोक्यो की तालिका में शीर्ष स्थान पर रही थी। ग्रुप ए की अन्य जोड़ियों में विश्व की तीसरे नंबर की जोड़ी चीनी ताइपे के ली यांग और वांग ची लीन और चौथी रैंकिंग की जोड़ी इंग्लैंड के बेन लें और सीन वेंडी शामिल हैं। 

Content Writer

Sanjeev