Anshu Malik के फर्जी अश्लील वीडियो में एक गिरफ्तार, पहलवान ने की भावुक अपील

punjabkesari.in Tuesday, Sep 19, 2023 - 07:49 PM (IST)

खेल डैस्क : एशियाई पहलवान अंशु मलिक (Anshu Malik) की फर्जी अश्लील वीडियो वायरल होने पर जींद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अंशु की मॉर्फ्ड तस्वीर का उपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर एक 30 सैकेंड की अश्लील वीडियो डाली थी। अंशु के पिता धर्मवीर ने हरियाणा के जींद के सदर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

 


अंशु के चाचा संदीप मलिक ने बताया कि अंशु की तस्वीर इंटरनेट से ली गई थी। वीडियो एक अलग लड़की और लड़के का है और यह लगभग 2 साल पुराना है। वीडियो में दिखाए गए जोड़े अब पति-पत्नी हैं। लड़की हिमाचल प्रदेश की है और लड़का हरियाणा का है। दोनों पहलवान रहे हैं। अंशु की तस्वीर को वीडियो में एक टेम्पलेट के रूप में इस्तेमाल किया गया था। हमारा पूरा परिवार इस समय सदमे में है।

 

 

View this post on Instagram

A post shared by Anshu Malik (@anshumalik57___)

मैंने उन्हें जीवन में कभी नहीं देखा
वीडियो पर अंशु मलिक ने कहा- जिसने यह वीडियो वायरल किया है, पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है। उक्त लड़का-लड़की भी पुलिस स्टेशन में हैं। इस वीडियो के बारे में मुझे 16 सितंबर (शनिवार) को पता चला था। मेरे परिवार ने एफआईआर दर्ज करवाई। मैंने उक्त लड़का और लड़की को जीवन में कभी नहीं देखा। समाज के लोग बिना कुछ सोचे समझे मुझे गंदी लड़की कह रहे हैं। जब हम सुरक्षित नहीं है तो जो लड़कियां छोटी हैं और जो खेलना चाहती हैं वो आगे कैसे बढ़ेंगी।

 

मां ने कहा- मैं हमेशा साथ रहती हूं
घटना पर अंशु मलिक की मां ने कहा कि जब हमें इसके बारे में पता चला तो हमारे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। मैं अपनी बेटी के साथ परछाई की तरह रहती हूं। हमारी किसी से दूर-दूर तक कोई दुश्मनी नहीं है। पुलिस प्रशासन इस मामले की जांच में हमारा पूरा साथ दे रही है। 24 घंटे के अंदर सभी आरोपी पकड़ लिए गए हैं। जिसने भी हमारे साथ ऐसा किया उसको सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि और कोई भी किसी बेटी के साथ ऐसा करने की हिम्मत न करे।


 

अंशु की उपब्धियां
विश्व चैम्पियनशिप 2021 में सिल्वर
कॉमनवैल्थ गेम्स 2022 में सिल्वर
एशियन चैम्पियनशिप 2021 में गोल्ड, 2020 में ब्रॉन्ज, 2022 में सिल्वर तो 2023 में ब्रॉन्ज
एशियन जूनियर चैम्पियनशिप में गोल्ड
 

Content Writer

Jasmeet