IPL में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले उर्विल पटेल का बड़ा बयान, MS धोनी की सलाह काम आई

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 06:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने IPL के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रविवार को MA चिदंबरम स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में यह मील का पत्थर हासिल किया। उर्विल की 23 गेंदों में 65 रनों की शानदार पारी में दो चौके और आठ छक्के शामिल थे, की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स 204 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने में सफल रही और पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर पहुंच गई। 

यह उर्विल का पहला IPL अर्धशतक था। पिछले कुछ मैचों में उन्हें अच्छी शुरुआत मिल रही थी, लेकिन वे उन शुरुआतों को बड़े स्कोर में बदलने से पहले ही आउट हो जा रहे थे। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने बताया कि उन्होंने ड्रेसिंग रूम में इस बारे में दिग्गज MS धोनी से बात की थी और धोनी ने उन्हें सलाह दी कि वे अपना दिमाग शांत रखें और 'सही गेंद को सही जगह पर मारें।' 

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार उर्विल ने कहा, 'जब मैं कुछ मैचों में जल्दी आउट हो गया था, तो मैंने माही भाई से बात की। हम ड्रेसिंग रूम में साथ बैठे थे और मैंने उनसे पूछा, 'मैं जल्दी आउट हो रहा हूं, इस अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए मुझे क्या करना चाहिए?' उन्होंने सिर्फ एक बात कही, 'तुम्हारी काबिलियत पर मुझे कोई शक नहीं है। जो भी शक है, वह तुम्हारे दिमाग में है, इसलिए बस अपना दिमाग शांत रखो और सही गेंद को सही जगह पर मारने की कोशिश करो।' 

अपना तूफानी अर्धशतक पूरा करने के बाद उर्विल ने अपनी जेब से एक पर्ची निकाली। उस पर लिखा था, 'डैड, यह आपके लिए है।' उनके पिता हमेशा उनके लिए एक मजबूत सहारा बने रहे, खासकर उनकी शुरुआती असफलताओं के दौरान। उर्विल ने बताया कि वे IPL में अपना पहला अर्धशतक बनाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी इस खास उपलब्धि को अपने पिता को समर्पित किया है। इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, 'मैं IPL में अपने पहले 50 रनों का इंतजार कर रहा था। और मैं बहुत भावुक हो गया क्योंकि मैंने सिर्फ 13 गेंदों में 50 रन बनाए थे। मैं बहुत ज़्यादा भावुक था, खासकर अपने पिता के लिए। मैंने यह 50 रन उन्हें ही समर्पित किए हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News