FIFA 2022 Special : कतर में ‘विशेष समय’ पर मिलेगी शराब, मैडिकल सुविधाओं के लिए मैरिज सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य

punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2022 - 06:02 PM (IST)

जालन्धर (जसमीत सिंह) : फीफा विश्व कप 2022 देखने के लिए 15 लाख से ज्यादा प्रशंसकों के कतर पहुंचने की उम्मीद है। फैंस के लिए सरकार ने कई व्यवस्थाएं की हैं। सामाजिक और धार्मिक प्रतिबंध लगेंगे। कतर में शराब बैन है लेकिन विश्व कप के लिए विशेष समय पर यह उपलब्ध रहेगी...। वैसे भी विजिटर्स के लिए मौज-मस्ती आसान नहीं होगी।

 

खास तौर पर मैच देखते हुए वह बीयर के गिलास छलका नहीं पाएंगे। कतर में शराब को लेकर सख्त कानून है लेकिन विश्व कप में इसमें राहत दी जाएगी। सभी 8 स्टेडियम में शराब नहीं बेची जाएगी, लेकिन प्रत्येक खेल से 30 मिनट पहले और एक घंटे बाद तक आयोजन स्थलों के आसपास बीयर स्टैंड खुले रहेंगे। शराब खरीदने के लिए उम्र 21 वर्ष से ज्यादा होनी चाहिए। विदेशी बाहर से शराब नहीं ला सकते।

 


इसी तरह कतर में शादी से पहले नजदीकियां बढ़ाना भी अवैध है। यहां कोड़े मारकर दंडित किया जा सकता है। हालांकि इस बात का कोई रिकॉर्ड नहीं है कि आखिरी बार ऐसा दंड कब दिया गया था। इसी बीच अमरीकी दूतावास ने भी गर्भवती महिलाओं को एडवाइजरी जारी की थी कि यदि उन्हें चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता हो तो वह अपने साथ मैरिज सर्टीफिकेट जरूर रखें। 


वहीं, कोविड-19 को लेकर भी कुछ हिदायतें जारी हुई हैं। अगर किसी विजिटर्स ने वैक्सीन नहीं लगवाई तो उन्हें कतर आने के बाद 10 दिनों तक मास्क पहनना होगा। अगर कोई कोविड पॉजीटिव आता है तो उसे 5 दिनों के लिए भीड़ से अलग रहना होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं में मास्क अनिवार्य हैं और स्टेडियम में स्थानीय व्यवस्था अनुसार जरूरत पडऩे पर। आइए जानते हैं- फीफा प्रशंसकों को कतर में क्या करने की छूट है और क्या नहीं।

 

 

हया कार्ड
- विजिटर्स के लिए हया कार्ड जरूरी। वीजा के तौर पर काम करेगा। 
- मुफ्त सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। कार्ड से प्रशंसक क्षेत्रों में मिलेगी एंट्री।
- हया सुविधा केंद्र शुक्रवार दोपहर 2 से रात 10 बजे तक तो बाकी दिन सुबह 10 से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।

 

शराब
- देश भर में लाइसैंस प्राप्त रेस्तरां और होटलों में शराब परोसी जाएगी।
- फैन जोन में होटलों से सस्ती शराब उपलब्ध रहेगी। 
- कतरवासी ही दुकानों से शराब खरीद सकते हैं।

कोविड-19
- कोविड टीका अनिवार्य नहीं है। लेकिन कतर में पहुंचने पर कोविड निगेटिव टैस्ट करना जरूरी है।
- खुद से किया टैस्ट स्वीकार नहीं होगा। सरकारी कार्यालयों में टैस्ट होंगे।
- होटल में अगर कोविड पॉजीटिव आते हैं तो उसके लिए बीमा जरूरी है। 

 

दवाइयां 
ब्रिटिश दूतावास की वैबसाइट पर लोगों को चेतावनी दी गई है कि वह किसी भी प्रकार का ड्रग्स चाहे वह कोई दवाई हो, बिना मंजूरी साथ न रखें। अगर ऐसा होता है तो उन्हें जेल से लेकर जुर्माना या निर्वासन भुगतना पड़ सकता है। अमरीकी दूतावास ने भी यात्रियों को दवाओं की वैधता जांचकर कतर ले जाने को कहा है।

एल.जी.बी.टी. 
- एल.जी.बी.टी. सदस्यों से सार्वजनिक प्रदर्शन को सीमिति रखने की आयोजन समिति ने की अपील।
- कतर के कानून में अविवाहित जोड़ों के सहवास पर है रोक।
- टूर्नामैंट के दौरान सेम सैक्स बिना दंड एक ही कमरा साझा कर सकते हैं।

 

फोटोग्राफी
- सार्वजनिक स्थलों पर किसी और की फोटो खिंचने की अनुमति नहीं।
- दूसरों की तस्वीरें लेने या फिल्माने से पहले अनुमति मांगनी होगी।

 

 

ई-सिगरेेट
- कतर में 2014 से ई-सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध है।
- नियमों में नरमी मिलने की उम्मीद। 

 

शुक्रवार हॉफ-डे 
- कतर रविवार को अपना कार्य सप्ताह शुरू करता है। शुक्रवार और शनिवार को छुट्टी होती है।
- शुक्रवार को हॉफ-डे रहता है। खरीदारी के लिए पहले से योजना बनाना जरूरी।

Content Writer

Jasmeet