FIFA 2022 Special : दुनिया का सबसे महंगा विश्व कप, जानें हैरान कर देने वाले फैक्ट्स

punjabkesari.in Wednesday, Nov 16, 2022 - 11:20 AM (IST)

खेल डैस्क : फीफा फुटबॉल विश्व कप 2022 हर 4 साल में निर्धारित होता है और हमारे पास प्रत्येक विश्व कप के दौरान कई दिलचस्प तथ्य होते हैं। आज जानें कतर विश्व कप के 11 आश्चर्यजनक तथ्यों के बारे में जो आपको हैरान करने के लिए काफी हैं। बता दें कि यह दुनिया का सबसे महंगा विश्व कप होगा। यूरोप और अमरीका में विश्व कप आयोजित करने के लिए पर्याप्त बुनियादी ढांचा है। कतर में इसे बनाना पड़ा। इसी कारण यह टूर्नामैंट (220 बिलियन डॉलर) फीफा का सबसे महंगा टूर्नामैंट होगा। 2018 में रशिया में हुए फीफा विश्व कप पर सिर्फ 15 बिलियन डॉलर का खर्च ही हुआ था। इस लिहाज से यह दुनिया का सबसे महंगा विश्व कप होगा। 

 


अरब देश में पहला विश्व कप
कतर ने जैसे ही फीफा विश्व कप के लिए बोली प्रक्रिया जीती, रिकॉर्ड बुक में उनका नाम दर्ज हो गया। कतर फीफा विश्व कप की मेजबानी करने वाला पहला मुस्लिम बहुल देश होगा।


दूसरा एशियाई देश होगा कतर
यूरोप और दक्षिण अमरीकी देशों में फुटबॉल काफी लोकप्रिय है। 2002 में पहली बार एशिया के जापान और दक्षिण कोरिया संयुक्त तौर पर फीफा विश्व कप की मेजबानी की थी। 

कभी विश्व कप नहीं खेला कतर
1960 में फुटबॉल संघ की स्थापना हुई थी। 1963 में कतर फीफा का सदस्य बना। 1990 में कतर क्वालिफाई के करीब आया था लेकिन सफल नहीं हुआ। इस बार मेजबान बनकर खेलेगा।

कतर सबसे छोटा देश
कतर 11,000 वर्ग किलोमीटर का एक छोटा-सा देश है और यहां की आबादी महज 26 लाख है। इससे पहले उरुग्वे ने 35 लाख की आबादी के साथ फीफा कप आयोजित किया था।

 

सबसे कम स्टेडियमों में आयोजन
कतर ने विश्व कप के 64 मैचों के लिए 7 स्टेडियम नए बनाए तो 1 पुनर्निर्मित किया है। इसी के साथ कतर सबसे कम स्टेडियमों में फीफा कप की मेजबानी का रिकॉर्ड बनाएगा।

 

 

सबसे कॉम्पैक्ट फीफा विश्व कप
कतर के सभी 8 स्टेडियम 60 किमी. के दायरे में हैं जो इसे सबसे कॉम्पैक्ट विश्व कप बनाएंगे। फैंस 90 मिनट में एक से दूसरे स्टेडियम तक पहुंच सकते हैं। आयोजन 28 दिन के बीच होगा।

 

1.5 मिलियन दर्शक आएंगे!
फीफा कप के दौरान दुनिया भर से 1.5 मिलियन से अधिक दर्शक कतर में प्रवेश करेंगे। कतर की भौगोलिक स्थिति कई देशों के लिए बहुत सुलभ है। वीजा भी आसानी से मिलता है।

 

मध्य पूर्व और यूरोप की दूरियां मिटेंगीं
कतर विश्व कप में 13 यूरोपीय टीमें भाग ले रही हैं। इससे मध्य पूर्व और यूरोप के बीच सांस्कृतिक अंतर को पाटने की उम्मीद है। फीफा और कतर दोनों को पॉजीटिव रिजल्ट की उम्मीद है।

 

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बिना पहला विश्व कप
विश्व कप 1930 से शुरू हुआ था। इंगलैंड की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय इसकी बड़ी प्रशंसक रही हैं। वह कई विश्व कप में बतौर दर्शक पहुंचीं हैं। इस बार का विश्व कप उनके बगैर होगा।

सर्दियों में होने वाला पहला विश्व कप
विश्व कप अब तक मई-जुलाई के बीच ही आयोजित होता रहा है। लेकिन कतर में इस अवधि के दौरान तापमान 40 से 50 डिग्री के बीच रहता है। खिलाडिय़ों के लिए खेल की परिस्थितियां बेहतर बनाने के लिए विश्व कप को नवंबर और दिसम्बर में पुनर्निर्धारित किया गया है। इस बदलाव से कतर सर्दियों में होने वाला पहला फीफा विश्व कप आयोजित करेगा।

Content Writer

Jasmeet