फीफा को उम्मीद, युद्ध के बावजूद फुटबॉल विश्व कप में भाग लेगी ईरान की टीम

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 12:31 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने उम्मीद जताई है कि मौजूदा हालात और युद्ध के बावजूद ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को अमेरिका आने और आगामी फीफा विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति मिल जाएगी। फीफा का मानना है कि टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए ईरान की टीम का अमेरिका में स्वागत किया जाएगा।

अमेरिका में खेलेगी अपने ग्रुप मैच

ईरान की टीम विश्व कप के ग्रुप चरण के सभी मुकाबले अमेरिका में खेलेगी। टीम अपना पहला मैच 15 जून को कैलिफोर्निया के इंगलेवुड में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 21 जून को बेल्जियम से मुकाबला होगा। ग्रुप चरण का आखिरी मैच 26 जून को सिएटल में मिस्र के खिलाफ खेला जाएगा।

11 जून से शुरू होगा टूर्नामेंट

फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक किया जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे।

युद्ध के कारण उठे थे सवाल

हाल ही में ईरान फुटबॉल महासंघ के कुछ अधिकारियों ने संकेत दिया था कि मौजूदा युद्ध की स्थिति के कारण टीम का विश्व कप में खेलना संदेह के घेरे में आ सकता है। हालांकि फीफा को उम्मीद है कि इन परिस्थितियों के बावजूद टीम टूर्नामेंट में भाग ले सकेगी।

ट्रंप से हुई फीफा अध्यक्ष की बातचीत

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने बताया कि उन्होंने मंगलवार रात को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। इस दौरान टूर्नामेंट की तैयारियों और ईरान की स्थिति पर चर्चा हुई। इन्फेंटिनो के अनुसार, ट्रंप ने उन्हें भरोसा दिलाया कि ईरान की टीम को अमेरिका आने और विश्व कप में खेलने की अनुमति दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News