फीफा अध्यक्ष ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सफलता पर जय शाह को दी बधाई
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 05:25 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा अध्यक्ष Gianni Infantino ने आईसीसी के चेयरमैन जय शाह को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी है। इन्फैन्टिनो ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भारतीय जर्सी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम को पुरुष टी20 विश्व कप का रिकॉर्ड तीसरा खिताब जीतने पर भी शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने लिखा, 'आईसीसी और मेरे मित्र जय शाह को एक और शानदार ढंग से आयोजित टी20 वर्ल्ड कप के लिए बधाई। भारत को एक और खिताब जीतने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपके अद्भुत देश की यात्रा करने के बाद मैं जानता हूं कि यह जीत आपके लिए कितनी मायने रखती है।'
इससे पहले फरवरी में Gianni Infantino ने जय शाह से मिलान में मुलाकात की थी, जो दुनिया के दो सबसे लोकप्रिय खेलों के बीच एक अहम क्षण माना गया। मुलाकात के बाद इन्फैन्टिनो ने इंस्टाग्राम पर आईसीसी चेयरमैन के साथ अपनी तस्वीर साझा की और क्रिकेट के विकास में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने 2028 समर ओलंपिक्स के लॉस एंजलिंस में होने वाले खेलों में क्रिकेट की वापसी के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने खेलों के माध्यम से दुनिया को एकजुट करने के लिए भविष्य में सहयोग की इच्छा भी जताई।
इन्फैन्टिनो ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'आज मिलान में आईसीसी चेयरमैन जय शाह से मिलकर मुझे खुशी हुई। क्रिकेट के इस खूबसूरत खेल को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने जो उत्कृष्ट कार्य किया है, वह प्रशंसनीय है। दो साल बाद जब क्रिकेट समर ओलंपिक में फिर से शामिल होगा, तब मैं उन्हें और पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही मैं दुनिया को खेलों के जरिए जोड़ने के लिए साथ काम करने और सहयोग करने को लेकर उत्सुक हूं।'
टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को अमहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। साथ ही भारत ने 2024 के बाद लगातार दूसरी बार खिताब जीतते हुए इतिहास रचा और 2007, 2024 तथा 2026 के साथ कुल तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई।

