FIFA 2022 : भले हार गया अर्जेंटीना, लेकिन लियोनेल मेसी ने रच दिया नया इतिहास

punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 09:12 PM (IST)

स्पोर्ट्स : फीफा विश्व कप 2022 के ग्रुप सी मुकाबले में सऊदी अरब ने भले ही अर्जेंटीना को 2-1 से हराकर उलटफेर किया हो, लेकिन फारवर्ड लियोनेल मेसी ने नया इतिहास रच दिया है। दरअसल, लियोनेल मेसी चार फीफा विश्व कप टूर्नामेंट में स्कोर करने वाले अर्जेंटीना के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने लुसैल स्टेडियम में यह उपलब्धि हासिल की। 

माराडोना को छोड़ा पीछे
इसी के साथ मेसी ने अपनी ही टीम के पूर्व कप्तान डिएगो माराडोना और बतिस्तुता को पछाड़ दिया है। दिवंगत डिएगो माराडोना ने 1982, 1986 और 1994 विश्व कप में गोल दागे थे तो वहीं बतिस्तुता ने 1994, 1998 और 2002 विश्व कप में गोल किए थे। वहीं मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 विश्व कप में गोल दागने का करिश्मा कर दिखाया है।

इसके अलावा 35 वर्षीय मेसी ब्राजील के पेले, जर्मनी के उवे सीलर और मिरोस्लाव क्लोज और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद चार अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। यही नहीं, उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के एक और रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। दरअसल, मेसी का यह फीफा विश्व कप इतिहास में सातवां गोल रहा। वहीं अभी तक रोनाल्डो के भी इतने ही गोल हैं।

मैच की बात करें तो शुरुआती मिनटों में अर्जेंटीना ने सऊदी अरब पर दवाब बनाना शुरू कर दिया था। मेसी ने सऊदी अरब के गोलकीपर के गलती करने का इंतजार किया और 10वें मिनट में गोल कर दिया। इसके बाद भी अर्जेंटीना ने दवाब बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन वह गोल करने से चूकते गए। तो वहीं सऊदी अरब ने पहला गोल 48 व दूसरा 53वें मिनट में दागकर 2-1 की बढ़त ले ली। इसके बाद अर्जेंटीना को वापसी करने का माैका नहीं मिला।

News Editor

Rahul Singh