FIFA World Cup 2026 : ''जो भी हो, यह टीम हमेशा याद रखी जाएगी'', फाइनल से पहले मेस्सी का भावुक पोस्ट

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 02:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : स्पेन के खिलाफ फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी ने अपनी टीम और कोचिंग स्टाफ के नाम भावुक संदेश साझा किया है। मेस्सी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपने साथियों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि परिणाम चाहे जो भी हो, यह टीम पहले ही ऐसा इतिहास लिख चुकी है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

मेस्सी का भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट

विश्व कप फाइनल से पहले मेस्सी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि ट्रॉफियां ही सबसे बड़ी उपलब्धि नहीं होतीं, बल्कि पूरी यात्रा सबसे खूबसूरत होती है। उन्होंने लिखा, 'इन सभी वर्षों की सबसे खूबसूरत बात सिर्फ खिताब नहीं रहे, बल्कि पूरी यात्रा रही। इस टीम के साथ हर दिन बिताना, साथ मिलकर संघर्ष करना, मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देना और हर पल का आनंद लेना मेरे लिए बेहद खास रहा।'

साथियों और कोचिंग स्टाफ का जताया आभार

मेस्सी ने अपने सभी साथियों, कोचिंग स्टाफ और टीम के पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, 'अपने हर साथी, कोचिंग स्टाफ और उन सभी लोगों का शुक्रिया, जो हर दिन इस राष्ट्रीय टीम को एक परिवार बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं। कल जो भी हो, इस टीम ने पहले ही ऐसा इतिहास लिख दिया है जिसे कोई कभी मिटा नहीं पाएगा।'

गोल्डन बॉल और चौथे विश्व कप पर नजर

39 वर्षीय मेस्सी का यह विश्व कप अभियान शानदार रहा है। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में 8 गोल और 4 असिस्ट किए हैं और गोल्डन बॉल जीतने के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। अगर अर्जेंटीना स्पेन को हराकर खिताब जीतता है तो मेस्सी टीम को चौथा विश्व कप दिलाने वाले कप्तान बनेंगे। साथ ही वह लगातार दूसरी बार गोल्डन बॉल जीतकर भी इतिहास रच सकते हैं। 2022 विश्व कप में भी उन्होंने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अपने नाम किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News