FIFA World Cup 2026: विश्व कप से बाहर होते ही इक्वाडोर के कोच ने दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:44 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में मेजबान मेक्सिको से 0-2 की हार के बाद इक्वाडोर के मुख्य कोच सेबेस्टियन बेकासेसे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 45 वर्षीय अर्जेंटीनी कोच ने मैच के बाद पुष्टि की कि विश्व कप के साथ ही उनका अनुबंध भी समाप्त हो गया है और अब वह टीम से अलग हो रहे हैं।

'ड्रेसिंग रूम से प्यार और सम्मान लेकर जा रहा हूं'

बेकासेसे ने भावुक अंदाज में कहा, 'विश्व कप खत्म होने के साथ ही मेरा अनुबंध भी समाप्त हो रहा है। अब हम जा रहे हैं। मैं इस ड्रेसिंग रूम से प्यार, सम्मान, प्रतिबद्धता और सराहना लेकर जा रहा हूं। ये खिलाड़ी सच्चे योद्धा हैं और मुझे उन पर गर्व है।'

दो साल में दिलाई नई पहचान

बेकासेसे ने करीब दो वर्षों तक इक्वाडोर की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में टीम ने अपने पांचवें विश्व कप में दूसरी बार नॉकआउट चरण में जगह बनाई। ग्रुप स्टेज में चार बार की चैंपियन जर्मनी को हराकर इक्वाडोर ने बड़ा उलटफेर भी किया था।

'उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया'

कोच ने कहा, 'जब हमने यह सफर शुरू किया था, तब किसी को उम्मीद नहीं थी कि हम यहां तक पहुंचेंगे। लेकिन हमने उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। अफसोस है कि हम इस सफलता को आगे नहीं बढ़ा सके, लेकिन हमने एक शानदार विरासत छोड़ी है।'

मेक्सिको ने पहले हाफ में तय कर दी जीत

राउंड ऑफ-32 मुकाबले में मेक्सिको के लिए जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में गोल दागे। इक्वाडोर पूरे मैच में वापसी नहीं कर सका और 0-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया। इसी हार के साथ बेकासेसे का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News