FIFA World Cup 2026: इंग्लैंड क्वालीफाई करने वाला पहला यूरोपीय देश बना, इटली और स्पेन अभी भी दौड़ में

punjabkesari.in Wednesday, Oct 15, 2025 - 11:10 AM (IST)

लंदन: इंग्लैंड अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले फुटबॉल विश्व कप 2026 में क्वालीफाई करने वाला पहला यूरोपीय देश बन गया है। लातविया के खिलाफ 5-0 की जीत के साथ कप्तान हैरी केन ने पहले हाफ में दो गोल किए और इंग्लैंड ने अपने ग्रुप में पहला स्थान पक्का कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड लगातार आठवें विश्व कप में हिस्सा लेगा।

इंग्लैंड की टीम ने जर्मन कोच थॉमस ट्यूशेल के मार्गदर्शन में अब तक क्वालीफाइंग के छह मैचों में एक भी गोल नहीं खाया। केन ने मैच के बाद कहा, 'कभी-कभी चीजें आसान हो जाती हैं, लेकिन क्वालीफाई करना मुश्किल भी हो सकता था। हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं।'

रोनाल्डो और पुर्तगाल का इंतजार जारी

लिस्बन में खेले गए मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की दो गोल की मदद से पुर्तगाल हंगरी पर 2-1 से आगे था। लेकिन इंजरी टाइम में डोमिनिक सोबोस्जलाई के गोल ने स्कोर 2-2 कर दिया, जिससे पुर्तगाल का विश्व कप में क्वालीफाई करने का निर्णय अभी लंबित है। रोनाल्डो विश्व कप क्वालीफायर में अब तक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके नाम 41 गोल दर्ज हो गए हैं, जिससे उन्होंने ग्वाटेमाला के कार्लोस रुइज (39 गोल) को पीछे छोड़ दिया।

अन्य टीमों की स्थिति

इटली ने इजराइल को 3-0 से हराकर कम से कम प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित कर ली है। इटली अभी अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। स्पेन ने बुल्गारिया को 4-0 से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वह तुर्की से तीन अंक आगे है, जिसने जॉर्जिया को 4-1 से हराया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News