फीफा विश्व कप 2026: 10 खिलाड़ियों के साथ इंग्लैंड ने मेक्सिको को 3-2 से हराया, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 11:24 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में इंग्लैंड ने सह-मेजबान मेक्सिको को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जूड बेलिंगहैम के दो गोल और हैरी केन की पेनल्टी ने इंग्लैंड को जीत दिलाई। दूसरे हाफ में रेड कार्ड के कारण 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद इंग्लैंड ने बढ़त बरकरार रखी।

मैच का परिणाम: इंग्लैंड 3-2 मेक्सिको
गोल स्कोरर (इंग्लैंड): जूड बेलिंगहैम – 36', 38', हैरी केन (पेनल्टी) – 60'
गोल स्कोरर (मेक्सिको): जूलियन क्विनोनेस – 42' राउल जिमेनेज (पेनल्टी) – 69'

बेलिंगहैम ने 98 सेकेंड में पलटा मैच

पहले हाफ में इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहैम ने महज 98 सेकेंड के भीतर दो गोल दागकर मुकाबले की तस्वीर बदल दी। 36वें मिनट में उन्होंने शानदार हेडर से पहला गोल किया। इसके ठीक 98 सेकेंड बाद कप्तान हैरी केन के पास पर बॉक्स के अंदर दूसरा गोल दागकर इंग्लैंड को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। हालांकि 42वें मिनट में फ्री-किक के बाद इंग्लैंड की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाते हुए जूलियन क्विनोनेस ने गोल कर मेक्सिको को मुकाबले में वापस ला दिया।

रेड कार्ड के बाद भी नहीं टूटा इंग्लैंड

दूसरे हाफ के 54वें मिनट में इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा, जब जारेल क्वांसाह को जीसस गालार्डो पर खतरनाक टैकल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद इंग्लैंड ने संयम नहीं खोया। मेक्सिको के गोलकीपर राउल रैंगल की गलती से मिली पेनल्टी पर हैरी केन ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया।

केन ने बनाया रिकॉर्ड, लेकिन दर्ज हुआ अनचाहा कारनामा

हैरी केन ने इस विश्व कप में अपना छठा गोल दागा। यह उनके विश्व कप करियर का 14वां गोल भी रहा, जिससे वह जर्मनी के दिग्गज गर्ड मुलर की बराबरी करते हुए विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से पांचवें सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। वहीं गोल्डन बूट की दौड़ में भी केन दूसरे स्थान पर पहुंच गए। इस सूची में लियोनेल मेसी, किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड सात-सात गोल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। हालांकि 69वें मिनट में केन ने बॉक्स के अंदर फाउल कर पेनल्टी भी दे दी, जिसे राउल जिमेनेज ने गोल में बदल दिया। इसके साथ ही केन 1966 के बाद विश्व कप के एक ही मैच में गोल करने और पेनल्टी देने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

मेक्सिको की वापसी नाकाम

मुकाबले के अंतिम चरण में मेक्सिको ने लगातार हमले किए। इंजरी टाइम में 11 मिनट अतिरिक्त मिले, लेकिन इंग्लैंड की मजबूत रक्षापंक्ति ने कोई और गोल नहीं होने दिया। 66 प्रतिशत बॉल पजेशन के बावजूद मेक्सिको बराबरी का गोल नहीं कर सका और लगातार एक बार फिर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। मेक्सिको का 40 साल से अंतिम-8 में पहुंचने का इंतजार भी जारी रहा।

अब नॉर्वे से होगी टक्कर

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब उसका मुकाबला 11 जुलाई (भारतीय समयानुसार 12 जुलाई) को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में नॉर्वे से होगा। नॉर्वे ने राउंड ऑफ-16 में एर्लिंग हालैंड के दो गोल की बदौलत ब्राजील को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News