टोक्यो ओलम्पिक से पहले 1.10 लाख हॉकी स्टिक बांटेगा FIH

punjabkesari.in Saturday, Nov 03, 2018 - 08:43 PM (IST)

नई दिल्ली : हॉकी के वैश्विक स्तर पर प्रसार और विकास के लिए हॉकी 2024 नीति लांच की गई है जिससे इस खेल को दुनिया में और लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की 46वीं कांग्रेस के अवसर पर यह घोषणा की गयी। कांग्रेस में 112 देशों के करीब 250 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और हॉकी के विकास को लेकर चर्चा की तथा महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थियरे वेल ने इस अवसर पर बताया कि सबसे महत्वपूर्ण फैसले में हॉकी के वैश्विक विकास के लिए ‘हॉकी 2024’ नीति बनाई गई है जिसका लक्ष्य खेल का प्रचार और प्रसार होगा।  उन्होंने बताया कि हॉकी 2024 के तहत दो नई योजनाएं ‘हॉकी फोर लाइफ’ और ‘स्टिक्स फोर द वल्र्ड’ भी शुरू की जाएंगी।

हॉकी फोर लाइफ के जरिए हर आयुवर्ग और हर तरह की पृष्ठभूमि के लोगों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया जाएगा जबकि हॉकी फोर लाइफ परियोजना को मजबूती देने के लिए स्टिक्स फोर द वल्र्ड योजना के तहत टोक्यो ओलम्पिक 2020 तक 1,10,000 नई स्टिक्स बांटी जाएंगी। वेल ने कहा- इस खेल को शिखर पर ले जाना हमारा सबसे बड़ा मिशन है और मुझे खुशी है कि कांग्रेस ने इस योजना का पूरी तरह समर्थन किया है। इससे खेल का विकास करने में काफी मदद मिलेगी।

Jasmeet