FIH World Cup : भारतीय टीम को वर्ल्ड कप जीताने वाले अजीत पाल सिंह की सलाह
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 02:18 PM (IST)
नई दिल्ली : भारत को पुरुषों का एकमात्र हॉकी वर्ल्ड कप खिताब दिलाने के आधे सदी से भी ज्यादा समय के बाद अजीत पाल सिंह के पास मौजूदा टीम के लिए एक आसान सलाह है, दबाव के बारे में भूल जाओ। 79 वर्षीय अजीत पाल सिंह, जिन्होंने 1975 में कुआलालंपुर में भारत को एकमात्र वर्ल्ड कप खिताब दिलाया था, का मानना है कि हरमनप्रीत सिंह और उनकी टीम को देश का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी को अपनाना चाहिए, बिना इस बात की चिंता किए कि उम्मीदें उनके खेल पर हावी हो जाएं।
अजीत पाल सिंह ने कहा, 'उन्हें दबाव के बारे में भूल जाना चाहिए। उस स्तर पर, वे जानते हैं कि वे देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और हॉकी प्रेमी उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहे हैं। लेकिन उन्हें उस दबाव को अपने दिमाग पर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्हें असल खेल पर ध्यान देना चाहिए, मैच पर फोकस करना चाहिए और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करनी चाहिए।'
अजीत पाल सिंह के लिए दबाव से निपटना सिर्फ एक हिस्सा है। उनका मानना है कि एक सफल हॉकी टीम की नींव सामूहिक जिम्मेदारी होती है। 'सबसे जरूरी बात यह है कि उन्हें एक टीम के तौर पर खेलना चाहिए। व्यक्तिगत खेल टीम के लिए खतरनाक हो सकता है क्योंकि यह पूरी कोशिश को खराब कर सकता है। हॉकी एक टीम गेम है।' अजीत पाल सिंह वर्ल्ड कप के मंच पर सफलता हासिल करने के बारे में अच्छी तरह जानते हैं। अपने खेलने के दिनों में सेंटर-हाफ रहे अजीत पाल सिंह ने 1971 में पहले वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी की थी और चार साल बाद फिर से कप्तान बनकर टीम को खिताब दिलाया था। लेकिन वह अपनी टीम और आज की टीम के बीच तुलना करने से बचते हैं।
उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि हमें दोनों की तुलना करनी चाहिए। वे दो बहुत अलग टीमें हैं। उस समय, टीम वाकई संतुलित थी और खिलाड़ियों के बीच तालमेल और समझ बहुत अच्छी थी। हम एक टीम के तौर पर खेले थे। हम मैदान के अंदर और बाहर दोस्त थे और एक-दूसरे के साथ बातचीत में बहुत साफ थे।' अजीत पाल ने समझाया, 'आप दोनों टीमों की तुलना नहीं कर सकते क्योंकि समय अलग था। खेल अलग था। हम घास पर खेलते थे, जबकि अब यह टर्फ पर खेला जाता है। टर्फ ने हॉकी का पूरा स्वरूप ही बदल दिया है। नियम भी बदल गए हैं। यह पूरी तरह से अलग खेल बन गया है।'
उन्होंने हंसते हुए कहा, 'हमें सिर्फ एक व्यक्ति की तारीफ नहीं करनी चाहिए। उसका साथ देने के लिए 10 और लोग भी थे। वे वहां सिर्फ झाड़ू-पोछा करने के लिए नहीं थे! वे खेल रहे थे।' यह सब उसी सिद्धांत पर वापस आता है, जिसके बारे में अजीत पाल सिंह का मानना है कि इसने उस टीम को परिभाषित किया जिसकी कप्तानी उन्होंने पांच दशक से भी पहले की थी। उन्होंने कहा, 'खिलाड़यिों को एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करने और साथ मिलकर खेलने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। मुझे लगता है कि सफलता का मंत्र यही है: टीमवर्क, न कि व्यक्तिगत प्रदर्शन।'

