वैभव सूर्यवंशी कब आएंगे एक्शन में? जानिए इंडिया ए के अगले मैच की पूरी डिटेल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 01:36 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: ट्राई नेशन ए सीरीज में जीत के साथ आगाज करने वाली इंडिया ए टीम अब अपने दूसरे मुकाबले की तैयारी में जुट गई है। पहले मैच में श्रीलंका ए को रोमांचक अंदाज में 8 रन से हराने के बाद अब सभी की नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर हैं। क्रिकेट फैंस यह जानना चाहते हैं कि वैभव अगली बार कब मैदान पर उतरेंगे और भारत ए का अगला मुकाबला कब खेला जाएगा।

11 जून को अफगानिस्तान ए से भिड़ेगी इंडिया ए

तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम का अगला मुकाबला अफगानिस्तान ए के खिलाफ होगा। यह मैच 11 जून को रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। ट्राई नेशन ए सीरीज में भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए हिस्सा ले रही हैं। तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी, जबकि अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 21 जून को फाइनल में भिड़ेंगी।

वैभव सूर्यवंशी से रहेंगी बड़ी उम्मीदें

श्रीलंका ए के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी आकर्षण का केंद्र रहे। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने वाले इस युवा बल्लेबाज ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़कर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और तीसरे ओवर में मोहम्मद शिराज का शिकार बन गए। वैभव ने 12 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाए। अफगानिस्तान ए के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

रुतुराज के शतक ने बचाई भारत की लाज

पहले मैच में भारत ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी। वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य जैसे शीर्ष बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार शतक जड़ा और कप्तान तिलक वर्मा के साथ अहम साझेदारी कर टीम को 277/6 के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

आखिरी 10 गेंदों में पलटा मैच

278 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए एक समय जीत की दहलीज पर पहुंच गई थी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम क्षणों में शानदार वापसी की। आखिरी 10 गेंदों में भारत ए ने चार विकेट झटककर मुकाबला अपने नाम कर लिया। 49वें ओवर में सिर्फ चार गेंदों के भीतर श्रीलंका ए के आखिरी तीन बल्लेबाज आउट हो गए। तेज गेंदबाज अरशद खान ने दो विकेट लिए, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। भारत ए ने यह मुकाबला 8 रन से जीतकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh