IPL इतिहास में लगे 5 सबसे लंबे छक्के, प्रवीण कुमार ने जड़ा था 124 मीटर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 06:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में हर टीम को कुछ ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत होती है जो अपनी मर्जी से बड़े-बड़े छक्के लगा सकें। वहीं फैंस भी मैदान के चारों ओर से लंबे छक्के देखने को बेताब रहते हैं। आईपीएल के पिछले संस्करण में निकोलस पूरन ने 106 मीटर का छक्का जड़ा था, जो उस सीजन का सबसे लंबा छक्का था। महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, क्रिस लिन ने कई छक्के 100 मीटर के मारे हैं, लेकिन अगर बात करें आईपीएल इतिहास में सबसे लंबे छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात तो टाॅप-5 में ये दिग्गज नहीं हैं। 

 आप यह जानकर हैरान रहेंगे कि पूर्व ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल के नाम आईपीएल में सबसे बड़ा छक्का लगाने का कीर्तिमान है। मोर्केल ने प्रज्ञान ओझा के खिलाफ पहले संस्करण यानी 2008 में 125 मीटर का छक्का लगाया था जब वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे थे। वास्तव में, वह आईपीएल में 125 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। आरसीबी के खिलाफ मोर्केल ने यह छक्का लगाया था। इस वक्त उन्होंने विराट कोहली के एक ओवर में 28 रन भी ठोके थे।

सूची में दूसरा खिलाड़ी भी विशेषज्ञ बल्लेबाज नहीं है, बल्कि तेज गेंदबाज है। प्रवीण कुमार ने आईपीएल 2011 में लसिथ मलिंगा के खिलाफ 124 मीटर का छक्का लगाया था। उसी सीजन में एडम गिलक्रिस्ट ने 122 मीटर का छक्का लगाया जब उन्होंने पंजाब टीम के लिए प्रदर्शन किया। वहीं IPL 2010 में RCB के लिए खेलते हुए रॉबिन उथप्पा ने 120 मीटर का छक्का लगाया था, जो उन्हें रिकॉर्ड टैली में चौथे स्थान पर रखता है।

इसके बाद 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल 2013 सीजन में अपने 119 मीटर के छक्के के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। एक अन्य खिलाड़ी जो छक्के मारने के लिए प्रसिद्ध है, युवराज सिंह हैं जिन्होंने 119 मीटर का छक्का भी लगाया है। 2008 में आरसीबी के साथ अपना आईपीएल सफर शुरू करने वाले रॉस टेलर ने भी उद्घाटन सत्र में 119 मीटर छक्का लगाया। 

आईपीएल इतिहास के 5 सबसे लंबे छक्के-

एल्बी मोर्केल- 125 मीटर
प्रवीण कुमार- 124 मीटर
एडम गिलक्रिस्ट- 122 मीटर
रोबिन उथप्पा- 120 मीटर
क्रिस गेल- 119 मीटर 
युवराज सिंह- 119 मीटर
रोस टेलर- 119 मीटर

News Editor

Rahul Singh