कतर के असीम मदीबो पर बड़ी कार्रवाई, विश्व कप में पांच मैच का प्रतिबंध लगा

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 02:24 PM (IST)

अटलांटा : कतर के खिलाड़ी असीम मदीबो पर विश्व कप में कनाडा के मिडफील्डर इस्माइल कोने के पांव में फ्रैक्चर करने के लिए बुधवार को पांच मैच का प्रतिबंध लगा दिया गया। वैंकूवर में पिछले बृहस्पतिवार को खेले गए मैच के दौरान यह घटना घटी। कनाडा ने इस मैच में कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी थी। मदीबो को गलत तरीके से टैकल करने के लिए तुरंत ही लाल कार्ड दिखाया गया था। 

फीफा की अनुशासनात्मक समिति ने अब उनका प्रतिबंध पांच मैच तक बढ़ा दिया है। समिति ने कहा है कि ऐसा अनुचित खेल के लिए किया गया है। इस फैसले के खिलाफ अपील की जा सकती है। कोने को तब स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और बाद में उनके बाएं पैर की टूटी हुई हड्डी की सर्जरी की गई। विश्व कप के दौरान घटी घटना के लिए यह सबसे बड़ी सजा नहीं है। 

ब्राजील में 2014 में खेले गए विश्व कप में उरुग्वे के स्ट्राइकर लुई सुआरेज़ को इटली के डिफेंडर जियोर्जियो चिएलिनी को काटने पर नौ मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया था। यहीं नहीं उन्हें चार महीने के लिए फुटबॉल से संबंधित सभी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया था। इटली के डिफेंडर माउरो टैसोटी ​​पर 1994 में स्पेन के फॉरवर्ड लुई एनरिक को कोहनी मारने के लिए आठ मैच के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News