विश्वकप ओपनर में पहली बार ‘बॉल गर्ल‘

punjabkesari.in Tuesday, Jun 12, 2018 - 07:22 PM (IST)

एग्रिज: रूस में गुरूवार से शुरू होने जा रहे फुटबाल विश्वकप के ओपनिंग मुकाबले में इस बार प्रथा बदलते हुये लड़कों के बजाय 14 रूसी लड़कियां ‘बॉल गर्ल’की भूमिका में उतरेंगी जो फीफा टूर्नामेंट के इतिहास में पहला मौका होगा। 13 से 16 वर्ष की लड़कियों को मॉस्को से 800 किलोमीटर दूर छोटे से स्थान एग्रिज से चुना गया है। मात्र 19 हजार लोगों की आबादी वाले इस नगर से 14 लड़कियों को बॉल गर्ल की भूमिका के लिये चुना गया है।

इनका चयन बाकायदा मेजबान देश की राष्ट्रीय फुटबाल टीम ने किया है और यह पहला मौका है, जब इस भूमिका को ओपनिंग मैच में केवल लड़कियों का समूह निभाएगा। चुनी हुई ये लड़कियां राष्ट्रीय जूनियर फुटबॉल टीम की भावी उम्मीदवार भी हैं। उनके कोच इदार इइयिातोव ने कहा यह सब इन लड़कियों के लिये किसी सपने के जैसा है। सभी 14 लड़कियां रूस के तारतास्तान नामक क्षेत्र की फुटबॉल टीम में खेलती हैं और मॉस्को में फीफा विश्वकप में रूस और सउदी अरब की टीमों के बीच उद्घाटन मैच से पूर्व फुटबाल का आदान प्रदान करेंगी।

स्थानीय विश्वकप आयोजन समिति ने बताया कि विश्वकप के 64 मैचों में इस बार 776 बच्चे बॉल ब्वॉय और बॉल गर्ल की भूमिका निभाएंगे लेकिन यह पहला मौका है। जब फीफा विश्वकप के ओपनिंग मैच में सभी लड़कियों का समूह बॉल गर्ल की भूमिका में उतरेगी। ओपनिंग मैच में बॉल गर्ल की भूमिका निभाने जा रहीं डारिया वासिलेवा ने कहा लड़कियां कमजोर नहीं होती हैं और हम हमेशा ही लड़कों से समान स्तर पर स्पर्धा के लिये तैयार रहते हैं। विश्वकप में हम सभी एक होकर उतरेंगे और फुटबाल टीमों को गेंद पास करेंगे।
 

Punjab Kesari