श्रीजेश को खेल रत्न, चिंगलेन, आकाशदीप, दीपिका को अर्जुन अवार्ड की सिफारिश

punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2019 - 02:24 PM (IST)

नई दिल्ली : अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न तथा मिडफील्डर चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम, फारवर्र्ड आकाशदीप सिंह, महिला टीम की डिफेंडर दीपिका के नामों की अर्जुन अवार्ड-2019 के लिए हॉकी इंडिया ने सिफारिश की है। देश में हॉकी की राष्ट्रीय संस्था हॉकी इंडिया ने बुधवार को खेल रत्न, अर्जुन अवार्ड और मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए खिलाडिय़ों के नामों की सिफारिश की है। डॉ. आरपी सिंह और संदीप कौर की ध्यानचंद अचीवमेंट अवार्ड के लिए जबकि कोच बलजीत सिंह और बीएस चौहान तथा रोमेश पठानिया के लिए द्रोणाचार्य अवार्ड की सिफारिश की गई है।

हॉकी इंडिया के महासचिव राजिन्दर सिंह ने इसे लेकर कहा- हम मौजूदा और पूर्व खिलाड़यिों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार 2019 की सिफारिश करके खुश हैं। करियर के दौरान इन खिलाडिय़ों और कोचों ने हॉकी के लिए अभूतपूर्व योगदान दिये हैं। इन्होंने अपने प्रदर्शन से हॉकी को नई ऊंचाइयां दिलाई हैं। इन वर्षों में इन खिलाडिय़ों ने तिरंगे के रंग को रौशन किया है और इसीलिए हमने इनके नामों की सिफारिश की है।

केरल के श्रीजेश को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपरों में गिना जाता है, वह पुरूष हॉकी टीम के नियमित खिलाडिय़ों में रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में श्रीलंका में दक्षिण एशियाई खेलों से भारतीय टीम में पदार्पण किया था। अपने करियर में 30 वर्षीय श्रीजेश ने देश के लिए 200 मैचों में हिस्सा लिया है। उन्हें वर्ष 2008 के जूनियर एशिया कप में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट के अवार्ड से नवाजा गया था, जिसमें भारत ने रजत पदक जीता था। वह 2014 और 2018 के विश्वकप के अलावा 2012 और 2016 के ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं।

उन्होंने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वर्ष 2014 में किया था, जब उन्हें अंतरराष्ट्रीय संस्था एफआईएच ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर अवार्ड से नवाजा था। वर्ष 2014 एश्यायिाई खेलों की स्वर्ण और 2018 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा 2016 और 2018 में रजत विजेता रही चैंपियंस ट्राफी टीम में भी वह शामिल रहे हैं। अनुभवी गोलकीपर को वर्ष 2015 में अर्जुन तथा 2017 में पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

टीम के उपकप्तान चिंगलेनसाना ने भी करियर में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है, वर्ष 2011 में पदार्पण के बाद से वह टीम के लिये 200 से अधिक मैच खेल चुके हैं। वह वर्ष 2013 की एशिया कप रजत विजेता, 2014 के एशिया कप की स्वर्ण विजेता, 2018 के चैंपियंस ट्रॉफी की रजत विजेता, 2018 के एशियाई खेलों की कांस्य विजेता और 2018 के एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं।

Jasmeet