भारतीय मूल के पूर्व हॉकी खिलाड़ी फारूक मैरिकन का निधन

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:33 PM (IST)

सिंगापुर : सिंगापुर के भारतीय मूल के पूर्व हॉकी खिलाड़ी और मैनेजर फारूक मैरिकन अली का निधन हो गया। वह 80 बरस के थे। देश के खेल समुदाय ने अली के निधन पर दुख जताया जो हॉकी को 'जीते थे' और अपने खिलाड़ियों का बहुत ख्याल रखते थे। फारूक के परिवार में 68 साल की पत्नी जैसिंटा एरियोला और 42 साल की बेटी शाईन मैरिकन हैं। 

'द स्ट्रेट्स टाइम्स' की एक खबर के मुताबिक उनके परिवार ने मौत का कारण नहीं बताया। दिग्गज पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ फारूक डिफेंडर की भूमिका में खेलते थे और 1968 से 1971 तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेले। उन्होंने 1982 से 2000 के दशक तक सिंगापुर की पुरुष टीम के मेनेजर की भूमिका निभाई। इस समाचार पत्र से जुड़े रहे पूर्व पत्रकार हकीकत राय ने कहा कि फारूक हमेशा अपने जानने वाले लोगों के साथ दरियादिल रहते थे और वह अपने खिलाड़ियों की 'बहुत परवाह' करते थे। 

राय ने कहा, 'फारूक इस खेल के अच्छे जानकार थे। वह क्लब और राष्ट्रीय स्तर पर खेले। उन्हें खेल और नवीनतम ट्रेनिंग तरीकों की गहरी समझ थी। वह जर्मनी में जन्मे मास्टर हॉकी कोच हॉर्स्ट वेन जैसे लोगों के लगातार संपर्क में रहते थे जो हॉकी और फुटबॉल के जाने-माने अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ थे।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News