''इतने अच्छे खिलाड़ी को बाहर नहीं रख सकते'', जायसवाल की अनदेखी पर भड़के पूर्व चयनकर्ता

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 02:54 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : BCCI ने हाल ही में अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान किया, लेकिन युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में जगह नहीं मिली। इतना ही नहीं, उन्हें श्रीलंका में होने वाली इंडिया A ट्राई सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया। अब इस फैसले पर पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने नाराजगी जताई है।

‘जायसवाल को इंडिया A टीम में होना चाहिए था’

पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का मानना है कि यशस्वी जायसवाल जैसे प्रतिभाशाली बल्लेबाज को किसी भी फॉर्मेट से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, 'यशस्वी जायसवाल को कम से कम इंडिया A टीम में जरूर चुना जाना चाहिए था। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की मौजूदगी में उन्हें शायद वनडे टीम में ज्यादा मौके नहीं मिलते, लेकिन श्रीलंका ट्राई सीरीज में भेजा जा सकता था।'

‘इतने अच्छे खिलाड़ी को बाहर नहीं रख सकते’

एमएसके प्रसाद ने कहा कि जायसवाल बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्हें इस फैसले से निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि किसी भी फॉर्मेट से बाहर नहीं रखे जा सकते। उन्हें इसे निराशा की तरह नहीं लेना चाहिए। वह मजबूत खिलाड़ी हैं और इससे और बेहतर बनेंगे।'

श्रेयस अय्यर का उदाहरण देकर समझाई बात

प्रसाद ने अपने चयनकर्ता कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि क्रिकेट में कई बार शानदार प्रदर्शन के बावजूद खिलाड़ियों को इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा, 'जब मैं चयन समिति का अध्यक्ष था, तब शानदार घरेलू प्रदर्शन के बावजूद हम श्रेयस अय्यर के लिए जगह नहीं बना पा रहे थे। क्रिकेट में ऐसा होता रहता है।'

IPL 2026 में शानदार फॉर्म में रहे जायसवाल

राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 मैचों में 370 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 33.64 और स्ट्राइक रेट 159.48 रहा। उन्होंने सीजन में तीन अर्धशतक लगाए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुवाहाटी में खेली गई नाबाद 77 रन की पारी उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा।

चयन नहीं होने पर फैंस भी हैरान

वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली पारी में शतक लगाने के बावजूद जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिलने से फैंस भी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर कई क्रिकेट फैंस और पूर्व खिलाड़ी चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh