4 बार IPL चैंपियन रहे भारतीय ऑलराउंडर ने क्रिकेट से लिया संन्यास

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 02:50 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी लेग स्पिनर और ऑलराउंडर करण शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। उत्तर प्रदेश में जन्मे करण अब भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कहेंगे। वह 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 में कानपुर सुपरस्टार्स के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे।

करण शर्मा ने कानपुर सुपरस्टार्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच मुकाबले के बाद अपने संन्यास का ऐलान किया। इसके साथ ही भारतीय घरेलू क्रिकेट में उनका लंबा सफर समाप्त होने जा रहा है। हालांकि, संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहेंगे और भविष्य में कोचिंग समेत खेल से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हैं।

करण शर्मा ने क्या कहा?

संन्यास का ऐलान करते हुए करण शर्मा ने कहा, “अब मैं संन्यास लेना चाहता हूं। मैं अपने परिवार, बीसीसीआई, रेलवे, यूपीसीए, आंध्र, विदर्भ क्रिकेट संघ और इस पूरे सफर में मेरा साथ देने वाले हर व्यक्ति का बेहद आभारी हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट की दुनिया से दूर नहीं होंगे। करण ने बताया कि वह भविष्य में कोचिंग और खेल से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

4 बार IPL चैंपियन बने करण शर्मा

करण शर्मा का आईपीएल करियर बेहद सफल रहा। उन्होंने 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल डेब्यू किया और इसके बाद वह लीग के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हो गए। करण ने सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 2016 में आईपीएल खिताब जीता।

इसके बाद वह मुंबई इंडियंस से जुड़े और वहां भी चैंपियन बने। करण ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चार सीजन खेले, जिसमें टीम ने 2018 और 2021 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। इस तरह वह अपने करियर में कुल चार बार आईपीएल चैंपियन बने।

चेन्नई के बाद करण शर्मा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और फिर मुंबई इंडियंस का भी प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, पिछले आईपीएल ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था।

IPL में 90 मैच, 83 विकेट

करण शर्मा ने अपने आईपीएल करियर में 90 मुकाबले खेले और 26.88 की औसत से 83 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने दो बार एक मैच में चार विकेट लेने का कारनामा किया।

बल्लेबाजी में करण ने 41 पारियों में 352 रन बनाए। वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अब बंद हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 में भी खेल चुके हैं।

करण शर्मा उन चुनिंदा खिलाड़ियों में भी शामिल हैं, जिन्होंने लगातार तीन आईपीएल खिताब जीते हैं। इस खास सूची में सुयश शर्मा और फिल सॉल्ट का नाम भी शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय करियर रहा छोटा

करण शर्मा ने 2014 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर सिर्फ एक मैच का रहा, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 28 रन देकर एक विकेट लिया।

उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ उस वनडे मुकाबले में डेब्यू किया था, जिसमें रोहित शर्मा ने ऐतिहासिक 264 रन की पारी खेली थी। करण ने उस मैच में नौ ओवर गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। अपने दूसरे वनडे में भी वह विकेट हासिल नहीं कर सके।

टेस्ट क्रिकेट में करण ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में डेब्यू किया। अपने पहले टेस्ट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज क्रिस रोजर्स और डेविड वॉर्नर को आउट किया था। भारत को उस मुकाबले में 48 रन से हार मिली थी, जबकि विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 141 रन की शानदार पारी खेली थी।

घरेलू क्रिकेट में शानदार आंकड़े

घरेलू क्रिकेट में करण शर्मा का करियर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा। उन्होंने 97 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 27.60 की औसत से 270 विकेट लिए, जिसमें 14 बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट शामिल रहे।

बल्लेबाजी में भी उन्होंने उपयोगी योगदान दिया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 2,866 रन दर्ज हैं, जिसमें दो शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।

लिस्ट-ए क्रिकेट में करण ने 123 मुकाबलों में 153 विकेट लिए और तीन बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने इस प्रारूप में 1,827 रन बनाए, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh