जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया उस दिन से लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है: मानव सुथार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 12:51 PM (IST)

मुल्लांपुर : मानव सुथार के लिए टेस्ट प्रारूप क्रिकेट का 'सर्वोच्च' शिखर है और भारत के इस बाएं हाथ के स्पिनर ने बताया कि अपने खेल को बेहतर बनाए रखने के लिए वह IPL 2026 के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास कर रहे थे। तेइस साल के सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट चटकाए जिसमें पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट भी शामिल हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी से भारत ने एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। 

सुथार ने 'जियो हॉटस्टार' से कहा, 'जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया और जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ा, लाल गेंद का क्रिकेट ही मेरे लिए सब कुछ रहा है। यह खेल का सर्वोच्च शिखर है इसलिए चाहे मैं अंडर-19 क्रिकेट खेल रहा था या रणजी ट्रॉफी, मेरा लक्ष्य हमेशा भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना ही रहा। (पदार्पण के दौरान मिलने वाली) कैप देते समय कुलदीप (यादव) भाई के शब्द बहुत प्रेरणादायक थे। सभी ने मेरा बहुत हौसला बढ़ाया और प्रेरित किया इसलिए यह वाकई बहुत खास लगा।' 

सुथार ने कहा, '(मुख्य कोच) गौतम (गंभीर) सर और कप्तान (शुभमन गिल) ने मुझे बताया कि मैं पदार्पण करने जा रहा हूं। यह बेहद गर्व का पल था क्योंकि जब से मैंने खेलना शुरू किया था तब से यह मेरा सपना था, मेरे पिता का सपना था और हर किसी का सपना था कि मैं भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलूं।' 

इस साल IPL में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले सुथार ने कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलने के मौके के लिए तैयार रहना चाहते थे और लीग के दौरान लाल गेंद से अभ्यास करते रहे। उन्होंने कहा, 'जब टीम में मेरा नाम आया तो मैं आईपीएल के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास कर रहा था और सोच रहा था कि अगर मौका मिला तो मैं कैसे खेलूंगा।' 

सुथार ने कहा, 'यहां (मुल्लांपुर) आने के बाद मैंने तीन या चार लंबे अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। गेंदबाजी में असली चीज यह नहीं है कि आप कितने घंटे अभ्यास करते हैं। अगर आपको गेंदबाजी में मजा आता है तो आप बिना महसूस किए 20-25 ओवर फेंक सकते हैं इसलिए जरूरी यह है कि आप जितना हो सके गेंदबाजी करते रहें।' सुथार ने कहा कि वे स्टॉक गेंद (अधिकतर इस्तेमाल होने वाली गेंद) फेंकते समय पिच से मिल रही मदद के बावजूद जोश में आकर अपना नियंत्रण नहीं खोना चाहते थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News