गौतम गंभीर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सुपर जाइंट्स की टी20 टीमों के वैश्विक ‘मेंटोर' बने

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 07:51 PM (IST)

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जायंट्स के स्वामित्व वाले आरपीएसजी ग्रुप ने पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर की सेवा को विस्तार देते हुये उन्हें अपने क्रिकेट संचालन मामलों का वैश्विक ‘मेंटोर' नियुक्त किये जाने का एलान किया है ।       

गौतम गंभीर फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स में मेंटोर की भूमिका का निर्वहन कर रहे है मगर अब वह दक्षिण अफ्रीका में आरपीएसजी समूह की टी20 टीम डरबंस सुपर जायंट्स के भी मेंटोर होंगे। गंभीर के मार्गदर्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने पदार्पण सत्र में ही प्लेआफ के लिये क्वालीफाई किया था।        

ग्रुप ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा ‘‘ गंभीर आरपीएसजी परिवार के अभिन्न सदस्य रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय संचालन के लिए भी उनकी विशेषज्ञता एक सम्मान और सौभाग्य की बात है। वह क्रिकेट की बारीकियों को तेजी से समझ सकते हैं। समूह को लगता है कि वह न केवल भारतीय परिस्थितियों में बल्कि अन्य देश में भी अपनी सेवायें दे सकते हैं। ''        

गंभीर ने कहा, ‘‘सुपर जायंट्स के वैश्विक संरक्षक के रूप में मैं कुछ अतिरिक्त जिम्मेदारी की आशा करता हूं। सुपर जायंट्स परिवार को वैश्विक छाप छोड़ते हुए देखना गर्व का क्षण होगा। मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए मैं सुपर जायंट्स परिवार को धन्यवाद देता हूं। ''

Content Writer

Sanjeev