IND vs AFG ODI: रोहित के रनआउट पर गिल का बड़ा खुलासा, रिप्ले देखकर हिटमैन ने कही ये बात

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 11:08 AM (IST)

धर्मशाला: भारत ने अफगानिस्तान को पहले वनडे में 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा के रनआउट की रही, जिस पर कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर प्रतिक्रिया दी। गिल ने बताया कि रोहित इस घटना को लेकर नाराज नहीं थे और उन्होंने इसे सामान्य तौर पर लिया।

गलतफहमी में गंवाया विकेट

195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मिड-ऑन की तरफ गेंद खेलकर तेजी से रन लेने की कॉल की। दूसरी ओर मौजूद शुभमन गिल ने रन लेने से इनकार कर दिया। तब तक रोहित काफी आगे निकल चुके थे और वापसी करने के बावजूद विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज ने उन्हें रनआउट कर दिया।

मैच के बाद गिल ने किया बड़ा खुलासा

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में जब इस रनआउट को लेकर सवाल पूछा गया तो गिल ने मुस्कुराते हुए कहा, 'उन्होंने रिप्ले देखा और कहा कि कोई बात नहीं। पिछले मैच में भी वह रनआउट हुए थे।' गिल के इस बयान ने साफ कर दिया कि ड्रेसिंग रूम में इस घटना को लेकर कोई तनाव नहीं था।

2024 की घटना फिर आई याद

यह पहली बार नहीं था जब रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच रनिंग को लेकर गलतफहमी हुई हो। जनवरी 2024 में मोहाली में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। उस मैच में भी रोहित रन लेने के लिए दौड़े थे, लेकिन गिल के प्रतिक्रिया नहीं देने के कारण रोहित डायमंड डक पर रनआउट हो गए थे।

गिल ने संभाली जिम्मेदारी, भारत को दिलाई जीत

रोहित के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 66 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली और केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में बढ़त बना ली और अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News