शुभमन गिल श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले इस बड़ी कमी को दूर करने में लगे, नेट्स पर किया अभ्यास
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 12:49 PM (IST)
कोलंबो : बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ अपने खराब प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए भारत के कप्तान शुभमन गिल ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम के ट्रेनिंग सेशन में इस तरह की गेंदबाजी के खिलाफ अपनी गेम को बेहतर करने में काफी समय बिताया। गाले में खेले गए पहले टेस्ट में गिल बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या का शिकार दो बार बने, जिसमें उन्होंने 16 और 8 रन बनाए। इसके बावजूद भारत ने यह मैच 165 रनों से जीता। दूसरा टेस्ट यहां 23 अगस्त से शुरू होगा।
आम तौर पर पारंपरिक बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ गिल की मुश्किलें लाइन को ठीक से कवर न कर पाने की वजह से होती हैं, और गाले में भी यह साफ दिखा जब उन्हें जयसूर्या का सामना करने में संघर्ष करना पड़ा। टेस्ट क्रिकेट में 42 मैचों में गिल 11 बार बाएं हाथ के स्पिनरों का शिकार बने हैं। गिल ने सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब के नेट्स पर बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ अपनी गेम पर काम किया और काफी समय तक मानव सुथार, रवींद्र जडेजा और कुछ स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया।
गौर हो कि ऑफ-स्पिनरों और लेग-स्पिनरों के खिलाफ गिल का रिकॉर्ड बेहतर रहा है जिसमें उनका औसत 61 है, और सभी तरह के स्पिनरों के खिलाफ उनका करियर औसत 48 है। गिल ने अब तक 42 टेस्ट की 76 इनिंग्स में 42.76 की औसत और 61.74 की स्ट्राइक रेट से 2993 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 269 रहा। गिल ने टेस्ट में 11 शतक, 8 अर्धशतक और एक दोहरा शतक लगाया है।

