ग्लेन मैक्सवेल की तूफानी पारी, भारत में शतक लगाने वाले महज दूसरे बल्लेबाज बने

punjabkesari.in Wednesday, Feb 27, 2019 - 10:47 PM (IST)

जालन्धर (जसमीत सिंह) : बेंगलुरु के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल (Glenn maxwell) ने शतक लगाकर न सिर्फ अपनी टीम को दो मैचों की टी-20 सीरीज में जीत दिलवा दी बल्कि एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दरअसल टी-20 के 13 साल के इतिहास में मैक्सेवल से पहले सिर्फ एक ही बल्लेबाज भारत में शतक लगा पाया था। वह थे- न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो। मुनरो ने 2017 में राजकोट के मैदान पर टीम इंडिया के खिलाफ नाबाद 109 रन की पारी खेली थी। अब मैक्सेवल 113 रन की पारी खेलकर इस लिस्ट में टॉप पर आ गए हैं।

भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई बने ग्लेन मैक्सवेल

ओवरऑल टी-20 इंटरनेशनल की बात की जाए तो मैक्सवेल भारत के खिलाफ एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। मैक्सेवल से पहले आरोन फिंच ऑस्ट्रेलिया की ओर से भारत के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। फिंच ने राजकोट में भारत के खिलाफ 2013 में 89 रनों की पारी खेली थी। अब यह रिकॉर्ड 113 रनों की पारी के साथ मैक्सवेल के नाम हो गया है।

ग्लेन मैक्सवेल का बेंगलुरु में पहली बार बोला बल्ला

ग्लेन मैक्सेवल भले ही टीम इंडिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ औसत के साथ खेलते हैं लेकिन अगर बात बेंगलुरु के मैदान में की जाए तो दूसरे टी-20 से पहले मैक्सवेल का इस मैदान पर प्रदर्शन निम्र स्तर का ही था। मैक्सवेल ने इस ग्राऊंड पर खेले गए 7 मैचों में केवल 65 रन ही बनाए थे। अब दूसरे टी-20 में 113 रन बनाकर उन्होंने अपने आंकड़े 8 मैच 178 रन कर लिए हैं।

Jasmeet