Golf Updates : बिग ग्रीन एग ओपन गोल्फ में त्वेसा मलिक 32वें स्थान पर

punjabkesari.in Sunday, Jul 04, 2021 - 09:28 PM (IST)

अर्नहेम (नीदरलैंड) : भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक लगातार दूसरे दिन एक अंडर 71 का स्कोर बनाकर बिग ग्रीन एग ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 32वें स्थान पर रही। एक अन्य भारतीय खिलाड़ी दीक्षा डागर ने तीन ओवर पार के स्कोर के बाद इवन पार 72 का कार्ड खेला और वह संयुक्त 53वें स्थान पर रही। वाणी कपूर और आस्था मदान इससे पहले कट से चूक गयी थी।
आस्ट्रेलिया की स्टेफनी किरियाको ने अंतिम दौर में 67 का कार्ड खेला और लेडीज यूरोपीय टूर में अपना दूसरा खिताब जीता। इस 20 वर्षीय खिलाड़ी ने चारों दौर में अच्छा प्रदर्शन किया तथा 66, 72, 65 और 67 के स्कोर बनाये। त्वेसा ने पांच बर्डी बनाई लेकिन इस बीच चार बोगी भी की। दीक्षा ने तीन बर्डी बनाने के साथ इतनी ही बोगी भी की।

गगनजीत भुल्लर आयरिश ओपन में संयुक्त 21वें और शुभंकर 57वें स्थान पर 
भारत के गगनजीत भुल्लर और शुभंकर शर्मा दुबई ड्यूटी फ्री आयरिश ओपन गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दौर के बाद क्रमश: संयुक्त 21वें और संयुक्त 57वें स्थान पर हैं। दूसरे दौर में एक भी बोगी नहीं करने वाले भुल्लर ने तीसरे दौर में छह बर्डी बनाई लेकिन इस बीच उन्होंने चार बोगी भी की और उनका स्कोर दो अंडर 70 रहा। तीन दौर के बाद भुल्लर का कुल स्कोर सात अंडर है। उन्होंने अब तक 71-68-70 के स्कोर बनाए हैं।

शुभंकर ने पांच बर्डी बनायी लेकिन वह इतनी ही बोगी कर गए जिससे तीसरे दौर में उन्होंने इवन पार 72 का कार्ड खेला। उनका कुल स्कोर तीन अंडर है। आस्ट्रेलिया के लुकास हरबर्ट (64-67-70) एक शॉट की बढ़त पर हैं और यूरोपीय टूर के इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट को जीतने के करीब हैं।

अदिति ने 69 का कार्ड खेला, संयुक्त 37वें स्थान पर
भारतीय गोल्फर अदिति अशोक ने यहां एलपीजीए के ‘वालंटियर्स ऑफ अमेरका क्लासिक’ गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दौर में दो अंडर 69 का कार्ड खेला जिससे वह संयुक्त रूप से 37वें स्थान पर पहुंच गई हैं। अदिति ने शुरूआती दो दौर में इवन पार 71 का समान कार्ड खेला था। अदिति ने तीसरे दौर में चार बर्डी लगायी और दो बोगी कर बैठीं और अब वह 54 होल में दो अंडर के स्कोर पर हैं। दक्षिण कोरिया की जिन यंग को ने 5 अंडर पार 66 का कार्ड खेला जिससे वह बढ़त बनाये हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News