Tokyo Olympics : इतिहास रचने की दहलीज पर गोल्फर अदिति अशोक, जीत सकती है सिल्वर मेडल

punjabkesari.in Friday, Aug 06, 2021 - 12:23 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: टोक्यो ओलंपिक में भारतीय गोल्फर अदिति अशोक इतिहास रचने की ओर बढ़ गई है।  23 वर्षीय भारतीय गोल्फर ने लगातार तीसरे दिन अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अदिति अशोक ने आज शुक्रवार कोको 3 अंडर 68 का कार्ड खेला और दूसरे स्थान पर बरकरार रहीं। अदिति के पास गोल्ड मेडल जीतने का बेहतरीन मौका है। 

इसलिए बढ़ी सिल्वर मेडल की संभावना
आखिरी और चौथे राउंड का मुकाबला शनिवार (7 अगस्त) को होना है लेकिन मौसम खराब दिख रहा है। मौसम खराब होने की वजह से अगर मुकाबला नहीं होता है तो तीसरे राउंड तक के ही स्कोर गिने जाएंगे। ऐसे में अदिति अशोक सिल्वर मेडल जीत सकती है। वहीं, अगर फाइनल राउंड पूरा होता है तो वह गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार होंगी। दरअसल, भारत ने अब तक ओलंपिक में गोल्फ में मेडल नहीं जीता है। ऐसे में अदिति के पास गोल्ड मेडल जीतने का बेहतरीन मौका है। 


नेली कोर्डा पहले स्थान पर
नेली कोर्डा ने दूसरे राउंड में 62 का जबरदस्त कार्ड खेला और पहले स्थान पर कब्जा कर लिया। दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 13 अंडर 129 था। तो वहीं अदिति का 133 था। शुक्रवार को तीसरे राउंड में कोर्डा ने 69 का कार्ड खेला और टॉप पर अपनी पोजिशन को कायम रखा। अदिति ने तीसरे राउंड में 68 का कार्ड खेला और इस दौर के बाद वह दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।भारत की ही दीक्षा डागर तीसरे राउंड के बाद 7 ओवर 220 के स्कोर के साथ संयुक्त 51वें स्थान पर चल रही हैं. उन्होंने तीसरे राउंड में एक ओवर 72 का कार्ड खेला। 


भारत ने अब तक कुल 5 पदक जीते
भारत ने टोक्यो ओलंपिक में अब तक कुल 5 पदक जीते हैं। इसमें तीन ब्रॉन्ज और दो सिल्वर मेडल है। भारत के लिए पहला रजत पदक वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने दिलाया। उसके बाद पीवी सिंधु और लवलीना बोरगोहेन ने बैडमिंटन और मुक्केबाजी में एक-एक कांस्य पदक जीता। पुरुष हॉकी टीम ने भारत को टोक्यो गेम्स का चौथा पदक दिलाया। पहलवान रवि दहिया ने गुरुवार को भारत को दूसरा सिल्वर मेडल दिलाया है। वहीं, अदिति, पहलवान बजरंग पूनिया और नीरज चोपड़ा से भारत को गोल्ड की उम्मीद है। 

 

Content Editor

rajesh kumar