बिग इंटरव्यू अर्जुन एरिगासी : इन्हें अगला विश्वानाथन आनंद माना जा रहा, जानें इनकी तैयारियां

punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 11:52 PM (IST)

टीम इंडिया में 18 साल के अर्जुन एरिगासी पर सबकी नजरें, उन्हें भविष्य का आनंद माना जा रहा
शतरंज ओलम्पियाड में हम गोल्ड जीतने के प्रबल दावेदार, अमरीका दे सकता है टक्कर : अर्जुन

 

नई दिल्ली, (निकलेश जैन) : 28 जुलाई से भारत में होने वाले शतरंज ओलम्पियाड में सबकी नजरें 18 साल के ग्रैंड मास्टर अर्जुन एरिगासी पर रहेंगी। अर्जुन जिन्हें भारत का भविष्य का आनंद भी माना जा रहा है कि रेटिंग 122 बढ़कर 2688 तक पहुंच गई है। वह शतरंज के जादुई नंबर 2700 से सिर्फ 12 अंक दूर है। महज 14 साल की उम्र में ग्रैंड मास्टर बनने वाले अर्जुन अगर ओलम्पियाड में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह इस जादुई आंकड़े तक पहुंच भी सकते हैं। अर्जुन की मानें तो 189 देशों के इस टूर्नामैंट में भारतीय टीम गोल्ड जीतने की प्रबल दावेदार है। इस दौरान टीम इंडिया को अमरीका से टक्कर मिल सकती है। अर्जुन ने शतरंज ओलम्पियाड से पहले अपनी तैयारियों बाबत पंजाब केसरी के प्रतिनिधि निकलेश जैन से विशेष बातचीत की।



पंजाब केसरी को दिए स्पैशल इंटरव्यू में अर्जुन ने बताया- कैसी चल रही हैं तैयारियां



सवाल : आपकी शतरंज ओलम्पियाड की तैयारी कैसी चल रही है?
जवाब :
मैं किसी खास तरीके से तैयारी नहीं कर रहा हूं। हां, सब अच्छा चल रहा है।
सवाल : भारतीय टीम में अपनी भूमिका कैसे देखते हैं?
जवाब :
मैं पहली बार भारतीय टीम में इतने बड़े स्तर पर खेल रहा हूं। मैं बहुत खुश हूं। टीम में सब मेरे साथ बहुत अच्छा व्यवहार करते है। मुझे उम्मीद है की मैं देश के लिए अच्छा खेलूूंगा।
सवाल : भारतीय टीम के पदक जीतने की कितनी संभावनाएं हैं?
जवाब :
मुझे लगता है हमारे पास बहुत मजबूत और संतुलित टीम है। इसमें 2 नए तो 3 अनुभवी खिलाड़ी है। अगर हम 11 दिनों में अपना सर्वश्रेष्ठ दे सके तो हम जरूर स्वर्ण पदक जीत सकते है। हां, हमें अमरीका से टक्कर मिल सकती है।
सवाल : आपका साल भर में प्रदर्शन शानदार रहा, क्या खास तैयारी की?
जवाब :
हां, पिछला एक साल मेरे लिए अद्भुत रहा। यह सपने की तरह था। मुझे लगता है यह साल उससे भी बेहतर होगा। मैं ऐसे कई मौके चूका जब मैं और अच्छा कर सकता था। मैं शायद 2700 की रेटिंग भी पार कर सकता था लेकिन अभी भी देर नहीं हुई है। मैं अपनी उन गलतियों को सुधार रहा हूं ताकि बेहतर खिलाड़ी बन सकूं।
 

सवाल : विश्व चैम्पियन कार्लसन और विश्वनाथन आनंद आपकी तारीफ करते हैं, कैसा लगता है?
जवाब :
बहुत अच्छा लगता है। खुशी होती है- जब आनंद सर और कार्लसन से अपने बारे में कुछ अच्छा सुनने को मिलता है। मैं इसे सकारात्मक तौर पर लेता हूं। यह मुझे और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है।
सवाल : आप अगले एक साल में खुद को कहां खड़ा पाते है?
जवाब :
मुझे नहीं लगता की मैं इस सवाल का अभी सही जबाब दे सकता हंू। अभी मेरा लक्ष्य 2700 की रेटिंग हासिल करना है। फिर 2750 रेेटिंग का अगला लक्ष्य तैयार है।
सवाल : अगर आपको चुनने दिया जाता तो क्या आप ‘ए’ टीम की जगह ‘बी’ टीम में खेलना चुनते?
जवाब :
हंसते हुए। ये बहुत ही रोचक होता। मेरे सारे दोस्त मेरे साथ होते जहां मैं उम्र में बड़ा होता। पर इससे टीम में अनुभव की कमी होती तो उस लिहाज से मैं खुश हूं कि मैं मुख्य टीम में हूं जिसमें विदित, हरिकृष्णा और शशिकिरण जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं।  
सवाल : भारतीय शतरंज की सबसे बड़ी खासियत क्या है ?
जवाब :
हमारे पास बहुत मजबूत जूनियर खिलाड़ी है जोकि एक-दूसरे को प्रेरित करते रहते है।


सवाल : आपका पसंदीदा खिलाड़ी कौन है?
जवाब :
डिंग लीरेन (चीन)
सवाल : दिन में कितने घंटे शतरंज की प्रैक्टिस करते हैं?
जवाब :
यह तय तो नहीं है लेकिन औसतन रोज 6-7 घंटे प्रैक्टिस में निकलते हैं। 
सवाल : आपको शतरंज के अलावा क्या पसंद है ?
जवाब :
भारतीय फिल्में देखना।
सवाल : ओलम्पियाड भारत में होने से आपको क्या फायदा मिलेगा?
जवाब :
अभी सब कुछ शानदार चल रहा है। ओलम्पियाड मशाल जैसे आयोजन शानदार है और मुझे लगता है शतरंज अब वहां पहुंच रहा है जहां कुछ साल पहले क्रिकेट हुआ करता था।


अर्जुन एरिगासी
जन्म : 3 सितंबर 2003, वारंगल, तेलांगाना
टाइटल : ग्रैंडमास्टर (2018)
14 साल, 11 महीने 13 दिन की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनने वाले 32वें सबसे कम उम्र के प्लेयर। वह भारत के 54वें ग्रैंडमास्टर हैं।

अर्जुन ठीक वैसे खेलता है जैसा मुझे खेलना पसंद है।
- मैगनस कार्लसन, विश्व चैम्पियन
देश को एक नया सितारा मिल गया है। जो आगे जाकर शानदार प्रदर्शन करेगा।
-विश्वनाथन आनंद, भारतीय ग्रैंड मास्टर

भारतीय शतरंज खिलाडिय़ों की रेटिंग
नाम प्वाइंट
विश्वनाथन आनंद 2756.4
हरिकृष्णा 2719.9
विदित 2713.9
अर्जुन एरिगासी 2688.5
डी गुकेश 2683.6
एस.एल. नारायण 2662.0
निहाल सरीन 2652.3

अर्जुन का साल दर साल प्रदर्शन
2015 : एशिया यूथ चैम्पियनशिप, कोरिया में सिल्वर जीता
2018 : तेलंगाना स्टेट से ग्रैंड मास्टर बनने वाले पहले प्लेयर
2021 : चैम्पियंस चैस टूर 2021 के लिए क्वालिफाई किया
-टाटा स्टील इंडिया चैस टूर्नामैंट के रैपिड सैक्शन में जीते
2022 : टाटा स्टील इंडिया चैस 2022 चैलेंजर्स जीते।
-58वीं नैशनल चैम्पियनशिप जीते।

 

 

Content Writer

Niklesh Jain