प्रज्ञानन्दा फिर बने भारत के नंबर-1, विश्व शतरंज रैंकिंग में आठवें स्थान पर

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 10:08 PM (IST)

नई दिल्ली  (निकलेश जैन)। सितंबर 2026 की नई फ़ीडे क्लासिकल रेटिंग सूची में भारत के ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानन्दा ने शानदार वापसी करते हुए एक बार फिर देश के नंबर-1 खिलाड़ी का स्थान हासिल कर लिया है। ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स का खिताब जीतने के बाद प्रज्ञानन्दा ने 11 रेटिंग अंक हासिल किए थे और 2761 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अर्जुन एरिगैसी को पीछे छोड़ दिया है, जो 2759 अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं।

प्रज्ञानन्दा के लिए यह पिछले कुछ महीनों में शानदार वापसी है। मई 2026 में वह 2733 रेटिंग के साथ विश्व नंबर-17 पर थे, लेकिन इसके बाद नॉर्वे चेस और ग्रैंड चेस टूर में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तेजी से अपनी रैंकिंग में सुधार किया।

विश्व रैंकिंग में मैग्नस कार्लसन 2823 अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। हिकारू नाकामुरा 2792 अंकों के साथ दूसरे और करूआना 2789 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। जावोखिर सिंदारोव 2778 के साथ चौथे स्थान पर हैं।

भारत के टॉप खिलाड़ी

सितंबर की सूची में प्रज्ञानन्दा 2761 अंकों के साथ भारत के नंबर-1 खिलाड़ी हैं। उनके बाद अर्जुन एरिगैसी 2759 नौवें ,निहाल सरीन 2718 रेटिंग के साथ 25वें  , जबकि विश्व चैंपियन डी. गुकेश 2703 अंकों के साथ 32वें स्थान पर हैं। विदित गुजराती 2697 अंकों के साथ 33वें स्थान पर हैं।

युवा भारतीय खिलाड़ियों में प्रणव वेंकटेश ने भी शानदार छलांग लगाई है। 2677 रेटिंग के साथ वह जूनियर विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

महिला रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों की बड़ी छलांग

महिला रैंकिंग में चीन की हाउ यीफान 2596 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम हैं। पूर्व विश्व चैंपियन जू वेंजुन 2553 के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

भारत की दिव्या देशमुख 2490 अंकों के साथ 13वें स्थान पर हैं, जबकि हम्पी कोनेरू 2509 के साथ नौवें स्थान पर हैं। वैशाली रमेशबाबू 2469 अंकों के साथ 16वें स्थान पर हैं।

सबसे बड़ी छलांग भारतीय युवा खिलाड़ियों में देखने को मिली। 14 वर्षीय मोदिपल्ली दीक्षित ने एक महीने में 297 रेटिंग अंक हासिल करते हुए 2454 की रेटिंग के साथ महिला विश्व रैंकिंग में 23वां स्थान हासिल कर लिया है। वहीं कल्याणी सिरिन 184 अंक की बढ़त के साथ 2401 और प्रतीती बरदोलोई 141 अंक की बढ़त के साथ 2393 पर पहुंच गई हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News