RCB के लिए फिर अनलकी रही हरी जर्सी, हार जीत का रिकॉर्ड देखें

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 08:26 PM (IST)

बेंगलुरु : दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 मैच में शनिवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को छह विकेट से हरा दिया। RCB को आठ विकेट पर 175 रन पर रोकने के बाद कैपिटल्स ने केएल राहुल (57 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (60) के अर्धशतकों के अलावा डेविड मिलर की 10 गेंदों पर 22 रन की पारी की बदौलत 19.5 ओवर में चार विकेट पर 179 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह RCB के लिए हरी जर्सी एक बार फिर अनलकी रही। RCB का हरी जर्सी में रिकॉर्ड खराब रहा है क्योंकि 5 बार ही टीम को जीत मिली है। 

RCB ने हरी जर्सी में 15 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने मात्र 5 में ही जीत दर्ज की है जबकि 9 बार हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा एक मैच बेनतीजा रहा। इस तरह RCB का हरी जर्सी में जीत का प्रतिशत 35.7 रहा है। 

हरी जर्सी में RCB का रिकॉर्ड 

मैच: 15
जीत: 5
हार: 9
NR: 1
जीत का प्रतिशत: 35.7 

बेंगलुरु बनाम दिल्ली मैच 

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती झटके दिए। पथुम निसंका (एक), करूण नायर (पांच) और समीर रिजवी (दो) रन बनाकर आउट हुये। एक समय दिल्ली कैपिटल्स ने 18 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे संकट के समय बल्लेबाजी करने आये ट्रिस्टन स्टब्स ने केएल राहुल के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 11वें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने केएल राहुल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 

केएल राहुल ने 34 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली। जीत की ओर बढ़ रही दिल्ली को उस समय झटका लगा जब 16वें ओवर में कप्तान अक्षर पटेल 19 गेंदों में 26 रन बनाकर रिटायडर् हटर् हो गये। दिल्ली कैपिटल्स ने 19.5 ओवरों में चार विकेट पर 179 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। ट्रिस्टन स्टब्स ने 47 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 60 रनों की पारी खेली। वहीं डेविड मिलर ने 10 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 22 रन बनाए।  आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिये। क्रुणाल पंड्या ने एक बल्लेबाज को आउट किया। 

इससे पहले आज यहां दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए फिल सॉल्ट और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े। छठें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने विराट कोहली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कोहली ने 13 गेंदों में 19 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़क्किल ने फिल सॉल्ट के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 

10वें ओवर में अक्षर पटेल ने पड़क्किल (18) का शिकार किया। अगले ही ओवर में कुलदीप यादव ने फिल सॉल्ट को आउट कर दिल्ली कैपिल्टस को बड़ी सफलता दिलाई। फिल सॉल्ट ने 38 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 63 रनों की पारी खेली। इसके अलावा टिम डेविड (26) को भी अक्षर ने आउट किया। 19वें ओवर में क्रुणाल पंड्या (12) रनआउट हुए। 

जितेश शर्मा (14) को लुंगी एन्गिडी ने आउट किया। आखिरी दो ओवरों में दिल्ली ने अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। आसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 175 रन का स्कोर बनाया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव लुंगी एन्गिडी और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये। मुकेश कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News