ग्रीनलैंड : तीन महीने तक 24 घंटे सूरज की रोशनी में गुलजार होंगे फुटबॉल मैदान

punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 05:30 PM (IST)

नुउक (ग्रीनलैंड) : यूं तो ग्रीनलैंड साल में अधिकांश समय बर्फ से ढका रहता है लेकिन जून से अगले तीन महीने यहां 24 घंटे सूरज की रोशनी रहती है जिसका इंतजार फुटबॉल के दीवाने यहां के लोगों को बेसब्री से रहता है ताकि वे अपना पसंदीदा खेल देख सकें या मैदान पर अपना हुनर दिखा सकें। करीब 56000 की आबादी वाले द्वीप में 10 प्रतिशत यानी करीब 5600 लोग पंजीकृत फुटबॉल खिलाड़ी हैं। 

जून की शुरूआत में जब मध्य अमेरिका, उत्तर परिसंघ और कैरेबियाई फुटबॉल संघ (कोंकाकाफ) ने मिलकर ग्रीनलैंड फुटबॉल संघ का सदस्य बनने का आवेदन खारिज कर दिया तो यहां के फुटबॉल प्रेमियों को करारा झटका लगा। खनिजों से भरे और रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण इस द्वीप पर कब्जा करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ख्वाहिश के चलते कुछ लोगों ने इसके लिए राजनीति को दोषी ठहराया। 

कोंकाकाफ फीफा के अधीन छह उपमहाद्वीपीय महासंघों में से एक है। नाटो सहयोगी डेनमार्क और ग्रीनलैंड की सरकारों की फटकार के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति ने सैन्य बल के इस्तेमाल से इंकार नहीं किया है। डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेताओं का कहना है कि यह द्वीप बिक्री के लिए नहीं है और उन्होंने अर्ध-स्वायत्त डेनमार्क के क्षेत्र पर अमेरिका द्वारा खुफिया जानकारी जुटाने की रिपोर्टों की निंदा की है। ग्रीनलैंड फुटबॉल टीम के कप्तान पैट्रिक फ्रेडरिकसेन ने हालांकि कहा कि यह फैसला आर्थिक कारणों से लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘हम सभी को पता है कि ग्रीनलैंड यात्रा करना कितन कठिन है।' 

इस महीने की शुरूआत में अमेरिका से ग्रीनलैंड की सीधी उड़ान यहां पहुंची। न्यूजर्सी से नुउक तक का एक तरफ का टिकट 1200 डॉलर है। बाकी उड़ाने आइसलैंड या कोपेनहेगन होकर आती हैं। इन सभी के बीच यहां के निवासियों की फुटबॉल को लेकर दीवानगी कम नहीं हुई है। अगले तीन महीनों में जब तापमान पांच से 10 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा, वे फुटबॉल खेलने में अधिकांश समय बिताना चाहते हैं। 

एक खिलाड़ी एंगुटिमारिक क्रेउत्जमैन ने कहा, ‘हम पूरी रात फुटबॉल खेलेंगे। अंधेरा नहीं होने वाला है तो हमारे पास समय ही समय है।' नुउक में एक क्लब के कोच आस्कर स्कॉट कार्ल ने कहा, ‘आपको यहां एक मैच देखना चाहिए। इतने सारे लोग इसे देखने के लिए जुटते हैं। इससे देश में एकजुटता की भावना आती है।' सर्दियों के लंबे मौसम में अधिकांश खिलाड़ी फुटसाल खेलते हैं जो एक खास तरह की गेंद से हैंडबॉल कोर्ट पर खेला जाने वाला इंडोर फुटबॉल खेल है। इसमें एक टीम में पांच खिलाड़ी होते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News