गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन 2026 में तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 12:03 PM (IST)
नई दिल्ली : भारत के स्टार लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने रविवार को न्यूयॉर्क में पुरुषों की हाफ-मैराथन (21km) का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) की एक रिलीज के अनुसार 27 वर्षीय सेना के धावक ने न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन 2026 में 59:42 का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
दक्षिण अफ्रीका के एड्रियन वाइल्डशट 59:30 के समय के साथ पहले स्थान पर रहे, उनके बाद मोरक्को में जन्मे अमेरिकी लंबी दूरी के धावक ज़ुहैर तालबी रहे जिनका समय 59:41 था। पिछला नेशनल रिकॉर्ड 1:00:30 का था जिसे स्टीपलचेज विशेषज्ञ अविनाश साबले ने 2020 में दिल्ली हाफ मैराथन में बनाया था।
सिंह कई नेशनल रिकॉर्ड रखने वाले पहले भारतीय लंबी दूरी के धावक हैं जिनके रिकॉर्ड 3,000m ट्रैक से लेकर 25km रोड रेस तक हैं। एशियाई खेलों के पदक विजेता के नाम पुरुषों की 5,000m और 10,000m ट्रैक रेस के रिकॉर्ड भी हैं। सिंह का 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था जिसमें उन्होंने 5,000m और 10,000m दोनों ट्रैक रेस जीती थीं।
सिंह इस साल जुलाई में होने वाले ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स और सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों, दोनों में पोडियम पर जगह बनाने का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, 'मैं पूरी तरह फिट हूं और आने वाली बड़ी अंतरराष्ट्रीय रेस में अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहा हूं।' सेना के यह धावक फिलहाल अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स में रह रहे हैं।

