हरभजन-रैना ही नहीं यह 5 क्रिकेटर भी छोड़ चुके हैं IPL 2020 का रास्ता

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2020 - 09:04 PM (IST)

नई दिल्ली : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक होने वाले आईपीएल के 13वें संस्करण से रैना और हरभजन सहित 7 खिलाड़ी निजी कारणों का हवाला देखकर पीछे हट चुके हैं। यह खिलाड़ी कौन हैं आइए जानते हैं- 

सुरेश रैना 

चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना दुबई पहुंच गए थे लेकिन निजी कारणों से दुबई से स्वदेश लौट गए जिसे लेकर अच्छा ख़ासा विवाद भी हुआ। 33 वर्षीय रैना ने बाद में स्पष्ट किया था कि वह अपने परिवार के चलते स्वदेश लौटे हैं। दरअसल रैना ने अपने टीम के एक भारतीय खिलाड़ी सहित 10 सदस्यों के कोरोना से संक्रमित होने के बाद भारत लौटने का फैसला किया था। रैना ने पिछले महीने 15 अगस्त को चेन्नई टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बाद अंतररष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ देर बाद ही अपने संन्यास की भी घोषणा कर दी थी। 

हरभजन सिंह 

रैना के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के अनुभवी भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी निजी कारणों का हवाला देकर आईपीएल से हट गए। हरभजन अगस्त में चेन्नई टीम के साथ यूएई नहीं गए थे। 40 वर्षीय हरभजन 16 से 20 अगस्त तक चेन्नई में हुए छह दिन के शिविर में भी शामिल नहीं हुए थे। आईपीएल में हरभजन ने 160 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने आईपीएल में 26.45 के औसत से 150 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 138.17 के स्ट्राइक रेट से 829 रन बनाए हैं जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। चेन्नई ने हरभजन के लिए अभी तक विकल्प की घोषणा नहीं की है।

लसिथ मलिंगा

मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज मलिंगा भी निजी कारणों से आईपीएल से हट गए हैं। मलिंगा ने टीम से आग्रह किया था कि वह निजी कारणों और श्रीलंका में अपने परिवार के साथ रहने के कारण इस सत्र के लिए उपलब्ध नहीं हैं। मुंबई इंडियंस ने मलिंगा की जगह ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेम्स पेटिनसन को अनुबंधित किया है। मलिंगा आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाज हैं और वह 2009 से 2019 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले और उन्होंने 122 मैचों में 170 विकेट लिए हैं जो आईपीएल में सर्वाधिक हैं।

क्रिस वोक्स 

इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स स्वास्थ्य कारणों से आईपीएल से हट गए थे। दिल्ली कैपिटल्स के दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नोत्र्जे को वोक्स की जगह टीम में शामिल किया है। नोत्र्जे दुबई में दिल्ली टीम के साथ जुड़ गए हैं। वोक्स ने आईपीएल में 25 विकेट लिए थे और वह डैथ ओवरों के विशेषज्ञ माने जाते थे।

जैसन रॉय 

दिल्ली कैपिटल्स के जैसन रॉय चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं और टीम ने उनके स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी ऑलराउंडर डेनियल सैम्स को अनुबंधित किया है। 27 वर्षीय सैम्स को इस वर्ष के शुरू में बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन करने का ईनाम मिला है।

केन रिचडर्सन 

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचडर्सन ने अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण आईपीएल के 13वें सत्र में नहीं खेलने का फैसला किया है जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रिचडर्सन की जगह ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जम्पा को अपनी टीम में शामिल किया है।

हैरी गुर्नी 

कोलकाता नाइटराइडर्स के तेज गेंदबाज हैरी गुर्नी कंधे की चोट के चलते टूर्नामेंट से हट गए हैं। उनकी सितंबर में सर्जरी होगी।

Jasmeet