मोहम्मद आमिर पर भड़के हरभजन सिंह, अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ बताने पर दिया करारा जवाब

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 12:11 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ बताया था। आमिर के इस बयान पर अब पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

“वह पूरी तरह से एक बेहतरीन बल्लेबाज़ हैं”

हरभजन सिंह ने कहा कि अभिषेक शर्मा एक क्वालिटी खिलाड़ी हैं, जो अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने साफ कहा कि अभिषेक को ‘स्लॉगर’ कहना गलत है क्योंकि उनके पास हर तरह के क्रिकेटिंग शॉट्स मौजूद हैं।

हरभजन ने कहा, 'अभिषेक शर्मा एक क्वालिटी खिलाड़ी हैं और मैच अपने दम पर जिताने का जज्बा रखते हैं। वह सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि बार-बार ऐसा कर सकते हैं। मैंने क्रिकेट खेली है और मैं जानता हूं कि वह एक प्रॉपर बल्लेबाज़ हैं, जिनके पास हर शॉट है। स्लॉगर वह होता है जो सिर्फ आंख बंद कर बल्ला घुमाए। अभिषेक ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं।'

आलोचकों को दिया जवाब

हरभजन ने कहा कि जिन लोगों ने अभिषेक जैसी बल्लेबाजी का सामना नहीं किया, उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह अनावश्यक विवाद में नहीं पड़ना चाहते, लेकिन अभिषेक को मैदान पर जवाब देना चाहिए।

'लोग कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्होंने कभी ऐसे बल्लेबाज़ के सामने गेंदबाजी की होगी। इसलिए उन्हें स्लॉगर कहना गलत है। अभिषेक को मैदान पर दिखाना चाहिए कि वह क्या कर सकते हैं। अगर वह लंबी पारी खेलते हैं तो टीम इंडिया बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है।'

IND vs PAK: मुकाबले की स्थिति

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह बड़ा मुकाबला रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

दोनों टीमों ने अब तक अपने-अपने दो मैच जीते हैं।
भारत ने अमेरिका और नामीबिया को हराया है।
पाकिस्तान ने नीदरलैंड और अमेरिका को मात दी है।

ग्रुप ए में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम +3.050 नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान +0.932 NRR के साथ दूसरे स्थान पर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News