टी20 वर्ल्ड कप : भारतीय स्टार खिलाड़ी का बड़ा बयान, अभी 10 साल और खेलूंगा, 10 और ट्रॉफी जीतनी है

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 11:27 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। हार्दिक ने साफ कहा कि वह अभी रिटायरमेंट के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहे हैं और अगले 10 साल तक क्रिकेट खेलना चाहते हैं। 32 वर्षीय पांड्या का लक्ष्य है कि अपने करियर के अगले दशक में वह 10 और ट्रॉफी जीतें, जिसमें आईसीसी टूर्नामेंट और आईपीएल दोनों शामिल हों।

“मेरे अंदर अभी 10 साल का क्रिकेट बाकी है”

भारत की 96 रन की ऐतिहासिक जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि उन्हें सीनियर खिलाड़ी कहलाना अच्छा लगता है, लेकिन उनका मानना है कि उनका आधा करियर अभी बाकी है।

उन्होंने कहा, 'यह सुनकर अच्छा लगता है कि अब मैं सीनियर खिलाड़ी हूं। लेकिन मेरे अंदर अभी 10 साल का क्रिकेट बाकी है। मैंने अभी अपने करियर का सिर्फ आधा हिस्सा खेला है, आधा अभी बाकी है। मैं कुल मिलाकर 10 और ट्रॉफी जीतना चाहता हूं, जिसमें आईसीसी और आईपीएल दोनों शामिल हैं। हालांकि मेरे लिए आईसीसी ट्रॉफी सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।' हार्दिक ने आगे कहा कि वह जिस भी टूर्नामेंट में खेलते हैं, उसे जीतना ही उनका लक्ष्य होता है।

फाइनल में भी निभाई अहम भूमिका

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में हार्दिक पांड्या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 13 गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली। गेंदबाजी में भी उन्होंने अहम योगदान दिया और मार्क चैपमैन का महत्वपूर्ण विकेट लिया। अपने चार ओवर के स्पेल में उन्होंने 36 रन दिए।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा। उन्होंने नौ पारियों में 217 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 27.12 और स्ट्राइक रेट 160.74 रहा। इसके अलावा उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाया और पूरे टूर्नामेंट में 9 विकेट अपने नाम किए।

सफलता का श्रेय गर्लफ्रेंड को दिया

हार्दिक पांड्या ने अपनी हालिया सफलता का श्रेय अपनी गर्लफ्रेंड माहेका को दिया। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा ट्रॉफी जीतने के लिए ही क्रिकेट खेलता हूं। 2024 में मैंने कहा था कि मैं जिन ट्रॉफियों के लिए खेलूंगा, उन्हें जीतूंगा और मुझे इस पर भरोसा था। यह ट्रॉफी उसी विश्वास की पुष्टि है। इसमें बहुत मेहनत लगी है। कड़ी मेहनत करो, शांत रहो और अच्छे इंसान बनो। जब से माहेका मेरी जिंदगी में आई हैं, मैं लगातार जीत रहा हूं।'

आईपीएल 2026 में फिर दिखेंगे मैदान पर

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद हार्दिक पांड्या अब आईपीएल 2026 में एक्शन में नजर आएंगे। वह एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए दिखेंगे। हालांकि आईपीएल 2026 का पूरा शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News