हार्दिक पांड्या क्रिकेट से 18 सप्ताह रहेंगे दूर, सीधा आई.पी.एल. में लेंगे एंट्री

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 08:14 PM (IST)

खेल डैस्क : टी20 विश्व कप 2024 भले ही छह महीने दूर है लेकिन बी.सी.सी.आई. ने अभी से संभावित कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर काम शुरू कर दिया है। क्रिकेट विश्व कप 2023 में जब हार्दिक को चोट लगी तो दक्षिण अफ्रीका दौरे पर बी.सी.सी.आई. ने रोहित शर्मा से सफेद गेंद फॉर्मेट की कप्तानी संभालने को कहा था। लेकिन बात न बनने पर आखिरकार बी.सी.सी.आई. ने टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अभी से हार्दिक पांड्या पर फोक्स करना शुरू कर दिया है।

 

हार्दिक पहले से चोटों से परेशान रहे हैं ऐसे में बी.सी.सी.आई. विशेष रूप से ऑलराऊंडर के लिए 18-सप्ताह का उच्च-प्रदर्शन कार्यक्रम पर काम कर रही है। एन.सी.ए. द्वारा तैयार किए गए कार्यक्रम में हार्दिक कार्डियो, शक्ति प्रशिक्षण, कार्यात्मक प्रशिक्षण और महत्वपूर्ण रूप से पर्याप्त आराम जैसे विभिन्न पहलुओं से होकर गुजरेंगे। बी.सी.सी.आई. ने आगामी दो टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते यह रणनीति बनाई है। 2024 में विंडीज और अमरीका तो 2026 में भारतीय धरती पर विश्व कप होना है।

 

 

 

बी.सी.सी.आई. और एन.सी.ए. द्वारा अपनाया गया यह कार्यक्रम नया नहीं है। इससे पहले जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी इस परीक्षा से गुजर चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि हार्दिक पंड्या की वर्तमान चोट उनकी पिछली पीठ की चोट से संबंधित नहीं है, जिसके लिए 2019 में उन्होंने सर्जरी करवाई थी। हार्दिक ने अपनी वापसी के बाद से शानदार फिटनेस बनाए रखी थी और आई.पी.एल. में गुजरात टाइटन्स का नेतृत्व किया और अपनी टीम को खिताब भी दिलवाया। आई.पी.एल. 2023 में वह अपनी टीम को फाइनल तक भी लेकर गए। यही नहीं, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी20ई सीरीज में भी उन्होंने टीम को लीड किया।

 

 

पहले संभावना थी कि हार्दिक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से वापसी कर लेंगे। यह भी न हुआ तो श्रीलंका या अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में लौट आएंगे। लेकिन ऐसा होता न देख बी.सी.सी.आई. अब उनकी मुकम्मल फिटनेस पर काम कर रही है। बता दें कि टीम इंडिया ने जून 2022 से अब तक 55 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 38 में हार्दिक ने हिस्सा लिया। वनडे के 50 में से 23 मैच में वह खेले।

 

आंकड़े बताते हैं कि हार्दिक टीम इंडिया के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक है। ऐसे में उनकी फिटनेस क्रिकेट अधिकारियों के लिए प्राथमिकता बन जाती है। अब क्रिकेट जगत सीधे आई.पी.एल. में ही हार्दिक की वापसी होते दिखेगा जब वह मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर उतरेंगे। उम्मीद है कि वह डिजाइन किए कार्यक्रम में न केवल एक कुशल ऑलराउंडर के रूप में लौटेंगे बल्कि समग्र और दूरदर्शी दृष्टिकोण लेकर आएंगे जोकि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छा होगा।


जडेजा ने कसा तंज
वहीं, हार्दिक के बार-बार चोटिल होने पर पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा भी तंज कसते नजर आए। उन्होंने एक शो में कहा कि हार्दिक ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैदान पर कभी-कभी ही दिखाई देते हैं। आप मतलब नहीं समझे। वो जितना रेयर टैलेंट है, उतना ही रेयर मैदान पर भी दिखते हैं। वो बहुत ही रेयर हैं।
 

Content Writer

Jasmeet