हार्दिक पांड्या को ODI वर्ल्ड कप खेलना है तो करना होगा ये काम, सिलेक्टर्स ने रखी बड़ी शर्त

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 02:00 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अभी से ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी में जुट गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पांड्या ने सिलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट को बता दिया है कि वह 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। इसके लिए वह पिछले कुछ महीनों से अपनी गेंदबाजी पर खास काम कर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि जरूरत पड़ने पर वह पूरे 10 ओवर गेंदबाजी कर सकें।

सिलेक्टर्स ने रखी यह बड़ी शर्त

सिलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी शर्त यही है कि हार्दिक पांड्या ODI में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए फिट रहें। रिपोर्ट के अनुसार कप्तान हर मैच में उनसे 10 ओवर नहीं कराएगा, लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें पूरा स्पेल डालना होगा। इसलिए पांड्या अपनी फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पर लगातार काम कर रहे हैं।

विजय हजारे ट्रॉफी में डाले पूरे 10 ओवर

इस साल की Vijay Hazare Trophy में हार्दिक पांड्या ने चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की थी और 3 विकेट भी लिए थे। इससे उन्होंने संकेत दे दिया कि वह ODI फॉर्मेट में लंबा स्पेल डालने के लिए तैयार हैं। इससे पहले उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज में नहीं चुना गया था क्योंकि वह 10 ओवर गेंदबाजी के लिए फिट नहीं माने गए थे।

साउथ अफ्रीका की पिच पर होगी बड़ी भूमिका

ODI वर्ल्ड कप 2027 South Africa में खेला जाना है, जहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती है। ऐसे में हार्दिक पांड्या टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। सिलेक्टर्स उनकी फिटनेस को लेकर सावधानी बरत रहे हैं क्योंकि वह पहले भी चोट के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर रहे थे।

बैकअप के तौर पर इस खिलाड़ी पर नजर

सिलेक्टर्स हार्दिक पांड्या के बैकअप के तौर पर Nitish Kumar Reddy पर भी नजर रख रहे हैं। उन्होंने भी घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी वर्कलोड बढ़ाई है। वहीं हार्दिक अपनी गेंदबाजी में इन-स्विंगर और नई वैरायटी पर काम कर रहे हैं और T20 में नई गेंद से गेंदबाजी भी कर रहे हैं।

साउथ अफ्रीका में हार्दिक का ODI रिकॉर्ड

हार्दिक पांड्या ने 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर 6 ODI मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 44 ओवर गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी रेट 4.90 रहा था, लेकिन बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने 4 पारियों में सिर्फ 26 रन बनाए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News