महिला टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद हरमनप्रीत का कबूलनामा, ''बड़ी टीमों के खिलाफ नहीं खेल पाए अच्छा क्रिकेट''

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 10:36 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद टीम के प्रदर्शन पर खुलकर अपनी राय रखी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट की हार के साथ भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया और टीम का पहला टी20 विश्व कप खिताब जीतने का इंतजार भी जारी रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, लेकिन एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर की शानदार पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

हरमनप्रीत ने मानी टीम की सबसे बड़ी कमी

मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत मजबूत टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेल सका। उनके मुताबिक बड़े मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना ही चैंपियन टीमों की पहचान होती है और भारत इसी मोर्चे पर पिछड़ गया।

हरमनप्रीत ने कहा, 'अगर पूरे टूर्नामेंट को देखें तो हम अच्छी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। बड़ी टीमों के खिलाफ आपका सर्वश्रेष्ठ खेल सामने आना चाहिए। हमें इस पहलू पर दोबारा सोचने की जरूरत है।' उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी योजनाओं के मुताबिक शानदार गेंदबाजी की। भारतीय बल्लेबाज विकेट पर टिके जरूर रहे, लेकिन टीम उतने रन नहीं बना सकी जितनी उम्मीद थी।

170 रन बनाने के बावजूद नहीं मिली जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन की अहम पारी खेली। जेमिमा रोड्रिग्स ने 28 गेंदों में 34 रन जोड़े।

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 27 गेंदों में 56 रन बनाए और भारत को 20 ओवर में 170/4 तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स ने दो विकेट अपने नाम किए।

पेरी और गार्डनर ने भारत की उम्मीदें तोड़ीं

171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत में जॉर्जिया वोल का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन इसके बाद बेथ मूनी (22) और फोएबी लिचफील्ड (24) ने पारी संभाली। इसके बाद एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी की।

पेरी ने 38 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि गार्डनर ने 29 गेंदों में नाबाद 53 रन ठोककर ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से जीत दिला दी। पेरी को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत का सपना टूटा, ऑस्ट्रेलिया का विजयी अभियान जारी

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं भारत का अभियान ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया और टीम एक बार फिर अपना पहला महिला टी20 विश्व कप खिताब जीतने से चूक गई। हरमनप्रीत ने माना कि टीम को भविष्य में बड़ी टीमों के खिलाफ अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा ताकि आईसीसी टूर्नामेंटों में बेहतर नतीजे हासिल किए जा सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News