भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाली हरमनप्रीत कौर को मिला पद्मश्री, रोहित शर्मा भी हुए सम्मानित

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 11:05 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को सोमवार को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया। पिछले साल भारत को पहली बार महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने के बाद उन्हें यह बड़ा सम्मान मिला है।हरमनप्रीत इस साल पद्मश्री पाने वाली सिर्फ दूसरी क्रिकेटर रहीं। उनसे पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को भी इस सम्मान से नवाजा गया था।

वर्ल्ड कप जीत के बाद मिला बड़ा सम्मान

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पिछले साल घरेलू सरजमीं पर इतिहास रचते हुए अपना पहला महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप खिताब जीता था। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जा रही है। पूरे टूर्नामेंट में हरमनप्रीत ने कप्तान और सीनियर बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी अगुवाई में टीम ने लंबे समय से चले आ रहे वर्ल्ड कप के इंतजार को खत्म किया।

भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल

हरमनप्रीत की कप्तानी में मिली इस सफलता ने महिला क्रिकेट को भारत में नई पहचान दिलाई। वर्ल्ड कप जीत के बाद महिला क्रिकेट की लोकप्रियता में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। पद्मश्री सम्मान के साथ हरमनप्रीत ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। क्रिकेट जगत और फैंस लगातार उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई दे रहे हैं।

रोहित शर्मा भी हुए सम्मानित

हरमनप्रीत कौर के अलावा भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को भी इस साल पद्मश्री अवॉर्ड दिया गया। इसके अलावा कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। ओलंपिक पदक विजेता पहलवानों के कोच व्लादिमीर मेस्तविरिश्विली को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया, जबकि कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता सविता पूनिया को भी यह सम्मान मिला।

महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव की मिसाल

हरमनप्रीत कौर को मिला यह सम्मान भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और लोकप्रियता को भी दर्शाता है। वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया की महिला खिलाड़ियों को लगातार वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh