हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, महिला टी20 क्रिकेट में ऐसा करने वाली तीसरी बल्लेबाज बनीं

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 01:12 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में हरमनप्रीत महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली दुनिया की तीसरी बल्लेबाज बन गईं।

ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में हरमनप्रीत ने रन चेज के दौरान यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। हालांकि उनकी 22 गेंदों में 28 रन की पारी भारत को जीत नहीं दिला सकी, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड जरूर दर्ज करा लिया।

हरमनप्रीत अब न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज सूजी बेट्स और भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के साथ इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गई हैं। 37 वर्षीय हरमनप्रीत ने अब तक 196 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 4019 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 29.77 और स्ट्राइक रेट 109.93 रहा है। उनके नाम एक शतक और 16 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

स्मृति और सूजी से पीछे, लेकिन इतिहास में दर्ज हुआ नाम

महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम है। उन्होंने 183 मैचों में 4720 रन बनाए हैं। वहीं स्मृति मंधाना 165 मैचों में 4325 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू 3752 रन के साथ 4000 रन के आंकड़े के सबसे करीब हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ भारत को मिली हार

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 142/9 रन ही बना सकी और उसे 26 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन मध्यक्रम में लगातार डॉट गेंदें खेलने की वजह से रन गति पर असर पड़ा।

मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा कि मध्य ओवरों में जरूरत से ज्यादा डॉट गेंदें खेलने से टीम पर दबाव बढ़ गया। उन्होंने माना कि अगर बल्लेबाज स्ट्राइक रोटेट करते रहते तो नतीजा अलग हो सकता था। तीन मैचों की टी20 सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर है। दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 2 जून को टॉन्टन में खेला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh