महाराष्ट्र को पछाड़कर हरियाणा बना खेलो इंडिया खेलों का चैंपियन

punjabkesari.in Friday, Feb 09, 2018 - 10:50 AM (IST)

नई दिल्लीः अंतिम दिन अपने खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा आज यहां महाराष्ट्र को पछाड़कर पहले खेलो इंडिया स्कूल खेलों का टीम चैंपियन बना। दिन की शुरुआत से पहले हरियाणा के पास महाराष्ट्र से एक स्वर्ण पदक कम था लेकिन टीम आज 15 स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही जिसमें से 10 मुक्केबाजों ने जीते।  हरियाणा ने इसके अलावा जूडो में दो और तीरंदाजी, फुटबाल और हाकी में एक-एक स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा ने 38 स्वर्ण, 26 रजत और 38 कांस्य पदक जीते।         

दिल्ली ने जीते 25 स्वर्ण
महाराष्ट्र के नाम 36 स्वर्ण, 32 रजत और 42 कांस्य पदक रहे। महाराष्ट्र ने हालांकि प्रतियोगिता में सर्वाधिक 110 पदक जीते जो हरियाणा के 102 पदक से अधिक हैं। इन दोनों के अलावा कोई राज्य पदकों का शतक नहीं लगा पाया। दिल्ली ने 25 स्वर्ण, 29 रजत और 40 कांस्य सहित कुल 94 पदक जीते। इससे पहले ओडि़शा ने आज यहां पंजाब को 2-1 से हराकर लड़कों के वर्ग का हाकी खिताब जीता जबकि हरियाणा ने झारखंड को इसी स्कोर से हराकर लड़कियों के वर्ग में बाजी मारी।         

लीग चरण में पंजाब को 3-0 से हराने वाले ओडि़शा ने एक बार फिर इस टीम पर दबदबा बनाया। चंडीगढ़ के लड़कों ने उत्तर प्रदेश को 5-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। लड़कियों के वर्ग में पंजाब ने चंडीगढ़ को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। बास्केटबाल में पंजाब ने लड़कों जबकि केरल ने लड़कियों के वर्ग का खिताब जीता। पंजाब ने खिताबी मुकाबले में दिल्ली को 78-76 जबकि केरल ने लड़कियों के फाइनल में हरियाणा को 90-47 से हराया।