हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को हराकर जीता प्रो रेसलिंग लीग 2026 का खिताब

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 05:20 PM (IST)

नोएडा : हरियाणा थंडर्स ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में दिल्ली दंगल वॉरियर्स को शिकस्त देकर प्रो रेसलिंग लीग (PWL) 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। नोएडा इंडोर स्टेडियम में रविवार रात खेले गए इस महामुकाबले का फैसला आखिरी बाउट तक गया, जहां हरियाणा ने 5-4 से जीत दर्ज की।

आखिरी मुकाबले में तय हुआ चैंपियन

फाइनल के आठ मुकाबलों के बाद दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर थीं। खिताब का फैसला महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग के निर्णायक मुकाबले में हुआ, जहां पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता इरीना कोलियाडेंको ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा थंडर्स को 5-4 से विजेता बना दिया।

इनामी राशि और ट्रॉफी

हरियाणा थंडर्स को PWL 2026 ट्रॉफी के साथ 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली, जबकि उपविजेता दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 75 लाख रुपये से संतोष करना पड़ा।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में चमके पहलवान

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: दिल्ली दंगल वॉरियर्स के तुरान बायरामोव (57 किग्रा पुरुष वर्ग) को 7 में से 7 बाउट जीतने पर 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 59 अंक जुटाए।
सबसे ज्यादा अंक: पंजाब रॉयल्स के चंद्रमोहन टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा पॉइंट स्कोर करने वाले पहलवान रहे।
प्लेयर ऑफ द मैच: हरियाणा थंडर्स की नेहा सांगवान को आखिरी तक फाइनल को जीवित रखने के लिए यह सम्मान मिला।
फाइटर ऑफ द मैच: दिल्ली दंगल वॉरियर्स के रौनक (125 किग्रा पुरुष वर्ग)।
इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच: हरियाणा थंडर्स के अक्षय ढेरे (57 किग्रा पुरुष वर्ग)।

फाइनल मुकाबले का पूरा रोमांच

74 किग्रा पुरुष वर्ग: दिल्ली के तुरान बायरामोव ने 8-1 से जीत दिलाकर बढ़त बनाई।
76 किग्रा महिला वर्ग: हरियाणा की काजल धोचक ने अनास्तासिया अल्पीयेवा को 3-1 से हराकर स्कोर बराबर किया।
65 किग्रा पुरुष वर्ग: दिल्ली के कप्तान सुजीत कलकल ने तुमुर ओचिर तुल्गा को 8-6 से हराया।
महिला मुकाबला: हरियाणा की दिग्गज यूई सुसाकी ने तकनीकी श्रेष्ठता से जीत दिलाकर स्कोर 2-2 किया।
86 किग्रा पुरुष वर्ग: दिल्ली के वफाईपुर हादी बख्तियार ने 11-0 से जीत दर्ज की।
57 किग्रा पुरुष वर्ग: हरियाणा के अक्षय ढेरे ने तकनीकी आधार पर जीत हासिल की।
125 किग्रा पुरुष वर्ग: दिल्ली के रौनक ने अनिरुद्ध गुलिया को 12-2 से हराकर दिल्ली को 4-3 से आगे किया।
57 किग्रा महिला वर्ग: हरियाणा की नेहा सांगवान ने अंजलि को पिन कर स्कोर 4-4 किया।
62 किग्रा महिला निर्णायक मुकाबला: इरीना कोलियाडेंको ने 16-0 की तकनीकी श्रेष्ठता से जीत दर्ज कर हरियाणा को चैंपियन बना दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News